श्रीलंका की यात्रा करेगा भारतीय वाणिज्य मंडल का 30 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल, व्यापार और निवेश पर होगी चर्चा

Indian Chamber
AI Image

भारतीय वाणिज्य मंडल का 30 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल व्यापार, निवेश और कारोबारी साझेदारी की संभावनाओं को तलाशने के लिए श्रीलंका की यात्रा करेगा। इस प्रतिनिधिमंडल में विनिर्माण, आईटी, स्वास्थ्य सेवा और बुनियादी ढांचा जैसे विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधि शामिल हैं। सीलोन चैंबर ऑफ कॉमर्स 28 जुलाई को इस प्रतिनिधिमंडल के लिए एक नेटवर्किंग सत्र आयोजित करेगा।

कोलंबो, 24 जुलाई भारतीय वाणिज्य मंडल (आईसीसी) का 30 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल व्यापार, निवेश एवं कारोबारी साझेदारी की संभावनाओं का पता लगाने के लिए श्रीलंका की यात्रा करेगा। श्रीलंका के समकक्ष संगठन सीलोन चैंबर ऑफ कॉमर्स ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। भारतीय प्रतिनिधिमंडल में विनिर्माण, निर्माण, इंजीनियरिंग एवं बुनियादी ढांचा, स्वास्थ्य सेवा एवं दवा, जल शोधन, औद्योगिक खनिजों के निर्यात-आयात और अक्षय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों से जुड़े सदस्य शामिल हैं।

इसके अलावा सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) एवं डिजिटल सेवाएं, कृषि, यात्रा एवं पर्यटन, परामर्श सेवाएं, खाद्य प्रसंस्करण, बीयर, डिस्टिलरी एवं वाइन उद्योग, निर्यात एवं आव्रजन सेवाएं, ललित कला एवं विरासत तथा खेल उत्पाद क्षेत्रों के प्रतिनिधि भी इसमें शामिल हैं। सीलोन चैंबर ऑफ कॉमर्स 28 जुलाई को प्रतिनिधिमंडल के प्रतिभागियों के लिए एक ‘नेटवर्किंग’ सत्र आयोजित करेगा। बयान में कहा गया, ‘‘भारत श्रीलंका के सबसे महत्वपूर्ण व्यापारिक साझेदारों और निवेश स्रोतों में से एक है।

ऐसे में यह सत्र सीमा-पार कारोबारी संबंधों को मजबूत करने और क्षेत्र के सबसे तेजी से बढ़ते बाजारों में से एक में अवसरों का पता लगाने के लिए समयानुकूल मंच प्रदान करता है।’’ इसमें कहा गया, ‘‘30 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भारतीय उद्योगों के व्यापक वर्ग का प्रतिनिधित्व करता है जो श्रीलंका और भारत के बीच बढ़ते आर्थिक जुड़ाव को दर्शाता है।’’ विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारत परंपरागत रूप से श्रीलंका के सबसे बड़े व्यापारिक साझेदारों में रहा है। वित्त वर्ष 2025-26 में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय वस्तु व्यापार 7.18 अरब अमेरिकी डॉलर रहा। इसमें भारत का निर्यात 5.52 अरब डॉलर और श्रीलंका का निर्यात 1.66 अरब डॉलर का था।

All the updates here:

अन्य न्यूज़