Indian Rupee में 17 पैसे की गिरावट, शुरुआती कारोबार में 95.59 प्रति US Dollar पर आया

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में सोमवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले भारतीय रुपया कमजोर रुख के साथ 95.50 पर खुला और आगे फिसलकर 95.59 प्रति डॉलर दर्ज किया गया। भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा एफसीएनआर (बी) जमा के लिए अपनी मुद्रा अदला-बदली की समयसीमा घटाकर 31 अगस्त करने से बाजार में निवेशक सतर्क नजर आए। इसके अलावा घरेलू शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांकों सेंसेक्स और निफ्टी में शुरुआती सत्र में आई गिरावट से भी रुपया दबाव में रहा।
रुपया सोमवार को शुरुआती कारोबार में 17 पैसे की गिरावट के साथ 95.59 प्रति डॉलर पर आ गया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.50 प्रति डॉलर पर खुला और बाद में 95.59 प्रति डॉलर पर आ गया जो पिछले बंद भाव से 17 पैसे की गिरावट है। रुपया शुक्रवार को तीन पैसे मजबूत होकर 95.42 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.12 प्रतिशत की गिरावट के साथ 99.54 पर रहा। घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 284.85 अंक टूटकर 77,717.05 अंक पर और निफ्टी 69.25 अंक की गिरावट के साथ 24,297.05 अंक पर आ गया। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का वायदा भाव 0.47 प्रतिशत चढ़कर 88.94 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को शुद्ध रूप से 508.12 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई)द्वारा एफसीएनआर (बी) जमा के लिए अपनी मुद्रा अदला-बदली सुविधा केवल 31 अगस्त तक जुटाई गई जमाओं के लिए उपलब्ध होने की घोषणा के बाद से निवेशक सतर्क हैं। इससे पहले विदेशी मुद्रा अनिवासी (बैंक) या एफसीएनआर (बी) जमाओं के लिए ‘कट-ऑफ’ तारीख 30 सितंबर थी।
एफसीएनआर (बी) योजना के तहत बैंक विदेशी मुद्रा जमा जुटाने के लिए आकर्षक ब्याज दरों की पेशकश करते हैं। आरबीआई ने 14 अगस्त को कहा था कि विदेशी मुद्रा प्रवाह को प्रोत्साहित करने के लिए शुरू की गई उसकी रियायती मुद्रा अदला-बदली सुविधा के तहत 13 अगस्त तक 56.84 अरब अमेरिकी डॉलर आकर्षित हुए हैं।
अन्य न्यूज़














