पूर्वी Delhi के Vivek Vihar में पुरानी इमारत ढहने से दो लोगों की मौत, चार घायल

विवेक विहार इलाके में रेलवे पटरी के पास बनी लगभग 50 वर्ष पुरानी एक इमारत मंगलवार सुबह अचानक गिर गई। इस हादसे में तीन साल के एक बच्चे और 35 वर्षीय व्यक्ति की जान चली गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने इमारत के मालिक को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
(तस्वीरों सहित) नयी दिल्ली, 17 नवंबर पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार में रेलवे की जमीन पर बनी लगभग 50 साल पुरानी इमारत मंगलवार सुबह ढह जाने से तीन वर्षीय एक बच्चे और 35 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। इमारत में ट्रेनों के कंपन के कारण वर्षों से दरारें पड़ गई थीं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि इमारत के मालिक सुरेंद्र सिंह (करीब 45) को गिरफ्तार कर लिया गया है। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के अनुसार, ज्वाला नगर की गली नंबर छह में रेलवे पटरी के पास स्थित यह इमारत रेलवे की जमीन पर बनी थी। इसका निर्माण टी-आयरन की बीम और पत्थर की पट्टियों से किया गया था।
नगर निगम ने बताया कि लगभग 20 वर्ग गज में फैली और भूतल, पहली और दूसरी मंजिल वाली यह पुरानी इमारत मंगलवार सुबह ढह गई। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), एमसीडी, दिल्ली पुलिस और नागरिक सुरक्षा के कर्मियों की संयुक्त टीम ने छह किरायेदारों को बचाया। जिलाधिकारी अजय कुमार ने कहा कि इमारत वर्षों से धीरे-धीरे कमजोर होती जा रही थी क्योंकि इसके मालिक ने कथित तौर पर गुजरने वाली ट्रेनों के कंपन से हुए नुकसान के बावजूद मरम्मत नहीं करवाई थी।
अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में चार लोग घायल भी हुए हैं। हर्ष विहार, हौज काजी और पहाड़गंज में इसी तरह की घटनाओं के बाद, दिल्ली में एक महीने से भी कम समय में इमारत ढहने की यह चौथी घटना है। कुमार ने कहा, इमारत के छज्जे का एक छोटा सा हिस्सा नीचे की मंजिल की छत पर गिर गया, जिससे पूरी संरचना ढह गई।
पुलिस ने बताया कि इमारत सुबह करीब 10 बजे ढह गई, जिससे छह लोग मलबे के नीचे दब गए। उसने बताया कि उन्हें बाहर निकालकर सीएटी एम्बुलेंस की सहायता से इलाज के लिए हेडगेवार अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृतकों की पहचान लड्डू उर्फ देवांश (तीन) और पिंटू (35) के रूप में हुई है।
देवांश पहली मंजिल पर और पिंटू भूतल पर था। घायलों की पहचान खुशबू (27), विकेश (35), आकाश (25) और दलीप उर्फ डिम्पा (22) के रूप में हुई है। चारों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कुमार ने बताया कि इमारत में किरायेदार के रूप में सात लोग रह रहे थे, जिनमें से दो की मौत हो गई और पांच घायल हुए हैं। घटना के बाद घटनास्थल का दौरा करने वाले जिलाधिकारी ने कहा कि मलबा हटाने के दौरान संरचना के बचे हुए हिस्से में दरारें देखी गई थीं। जिलाधिकारी ने कहा कि उन्होंने इमारत की स्थिति को लेकर एमसीडी से बात की है।
कुमार ने कहा, स्थानीय निवासियों से मिली जानकारी के अनुसार, इमारत के अंदर और लोगों के होने की कोई संभावना नहीं है। क्षेत्र छोटा है और मलबा हाथों से हटाया जा सकता है। हम बचाव अभियान चला रहे हैं।
उन्होंने कहा, जब तक पूरा मलबा नहीं हट जाता, तब तक आगे जांच की जरूरत से इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि, अभी तक मिली जानकारी के अनुसार, इमारत में कोई भी व्यक्ति फंसा नहीं है। पुलिस ने बताया कि इमारत ढहने की सूचना मंगलवार सुबह 10 बजकर नौ मिनट पर विवेक विहार थाने को मिली थी।
मामले की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।
अन्य न्यूज़













