Rupee vs Dollar: अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया 9 पैसे फिसलकर 95.17 पर पहुंचा

Indian Rupee
AI Image

विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार के दौरान भारतीय मुद्रा 95.13 प्रति डॉलर पर खुलकर 95.17 के स्तर तक फिसल गई। कच्चे तेल के दामों में नरमी के बावजूद भू-राजनीतिक जोखिम और डॉलर सूचकांक में मजबूती से स्थानीय मुद्रा पर दबाव रहा। इस बीच घरेलू शेयर बाजार के शुरुआती सत्र में सेंसेक्स 201 अंक की बढ़त के साथ 78,782 पर कारोबार करता नजर आया।

मुंबई, छह अगस्त कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के बावजूद भू-राजनीतिक जोखिम बने रहने से रुपया बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले नौ पैसे की गिरावट के साथ 95.17 पर पहुंच गया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.13 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह 95.17 प्रति डॉलर तक फिसल गया, जो पिछले बंद भाव की तुलना में नौ पैसे की गिरावट दर्शाता है।

रुपया बुधवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 95.08 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.05 प्रतिशत बढ़कर 99.72 पर पहुंच गया। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.20 प्रतिशत की गिरावट के साथ 79.29 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

घरेलू शेयर बाजार में शुरुआती कारोबार के दौरान बीएसई सेंसेक्स 201.43 अंक चढ़कर 78,782.43 अंक पर पहुंच गया। वहीं, एनएसई निफ्टी 16.35 अंक की मामूली बढ़त के साथ 24,641 अंक पर कारोबार कर रहा था। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को शुद्ध रूप से 943.42 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की बिकवाली की।

All the updates here:

अन्य न्यूज़