US Dollar के मुकाबले 3 पैसे मजबूत होकर 95.33 पर बंद हुआ रुपया, वैश्विक बाजारों से मिला सहारा

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में बुधवार को भारतीय मुद्रा 95.40 पर खुलकर अंत में मामूली बढ़त दर्ज करते हुए 95.33 प्रति डॉलर के स्तर पर सिमटी। अमेरिका और ईरान के मध्य संभावित समझौते की उम्मीदों से बाजार को बल मिला, हालांकि कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों ने लाभ को सीमित रखा। कारोबार के दौरान विनिमय दर 95.24 से 95.43 रुपये के दायरे में बनी रही।
रुपया बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले तीन पैसे की बढ़त के साथ 95.33 पर बंद हुआ। अमेरिका-ईरान के बीच जल्द समझौते और होर्मुज जलडमरूमध्य के फिर से खुलने की उम्मीद ने रुपये को समर्थन दिया। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि वैश्विक बाजार में जोखिम से बचने की प्रवृत्ति के बीच ब्रेंट क्रूड की कीमत 90 डॉलर प्रति बैरल की ओर बढ़ रही है।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.40 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह 95.24 से 95.43 प्रति डॉलर के दायरे में रहा और अंत में तीन पैसे मजबूत होकर 95.33 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। रुपया मंगलवार को छह पैसे टूटकर 95.36 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.03 प्रतिशत की बढ़त के साथ 99.85 पर रहा। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड का वायदा भाव 0.07 प्रतिशत चढ़कर 88.97 डॉलर प्रति बैरल रहा। कारोबारियों के मुताबिक, अमेरिकी उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) के आंकड़े डॉलर एवं रुपये की हाजिर विनिमय दर के लिए महत्वपूर्ण होंगे।
उम्मीद से ज़्यादा सीपीआई से सितंबर में फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरें बढ़ाने के आसार होंगे। सीआर फॉरेक्स एडवाइजर्स के प्रबंध निदेशक अमित पाबरी ने कहा, ‘‘इससे रुपये पर और दबाव पड़ सकता है, जबकि महंगाई के उम्मीद से कम आंकड़े से दरों में बढ़ोतरी की संभावना घट सकती है और रुपये को समर्थन मिल सकता है।’’ घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 187.90 अंक टूटकर 77,966.35 अंक पर और निफ्टी 35.75 अंक फिसलकर 24,435.95 अंक पर रहा। शेयर बाजारों के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे।
उन्होंने बुधवार को 1,002.50 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।
अन्य न्यूज़














