जामनगर में HADR अभ्यास सहायता सेतु शुरू, Quad की कार्यस्तरीय बैठक भी आयोजित

जामनगर में HADR अभ्यास सहायता सेतु शुरू, Quad की कार्यस्तरीय बैठक भी आयोजित
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

भारतीय वायुसेना की मेजबानी में गुजरात के जामनगर एयरबेस पर बहुराष्ट्रीय आपदा राहत अभ्यास शुरू हुआ। तीन दिवसीय इस अभ्यास में चक्रवात, भूकंप और बाढ़ जैसी आपदाओं से निपटने के लिए 24 से अधिक देशों ने भागीदारी की। पहले दिन मानवीय सहायता और आपदा राहत समन्वय को लेकर क्वाड देशों के अधिकारियों की बैठक भी हुई।

गुजरात के जामनगर स्थित वायु सैन्य अड्डे पर मंगलवार को वार्षिक संयुक्त मानवीय सहायता और आपदा राहत (एचएडीआर) अभ्यास ‘सहायता सेतु’ की शुरुआत हुई। इसके पहले दिन, एचएडीआर प्रयासों में तालमेल के लिए ‘क्वाड’ के कार्य-स्तर की एक बैठक भी आयोजित की गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

बहुराष्ट्रीय अभ्यास एजेएचई-26 का आयोजन 17 से 19 नवंबर तक किया जा रहा है। इसका उद्देश्य चक्रवाती तूफान, भूकंप, बाढ़ और रासायनिक आपात स्थितियों सहित बड़ी आपदाओं से निपटने में विभिन्न एजेंसियों के बीच तालमेल, परिचालन स्तर पर आपसी सहयोग और अंतरराष्ट्रीय समन्वय को मजबूत करना है। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि भारतीय वायुसेना (आईएएफ) की मेजबानी में आयोजित इस संयुक्त पहल के जरिए सशस्त्र बलों ने संयुक्त तैयारियों को मजबूत करने, सरकार के सभी विभागों के समन्वित प्रयासों को बढ़ावा देने और देश के भीतर तथा पूरे क्षेत्र में समय पर एवं समन्वित मानवीय सहायता और आपदा राहत पहुंचाने की भारत की क्षमता बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

मंत्रालय ने कहा कि एकीकृत रक्षा स्टाफ मुख्यालय (मुख्यालय आईडीएस) और दक्षिण पश्चिमी वायु कमान मुख्यालय (मुख्यालय एसडब्ल्यूएसी) के मार्गदर्शन में सशस्त्र बलों ने भाग लेने वाली राष्ट्रीय एजेंसियों और मित्र देशों के साथ समन्वय करते हुए जामनगर में अभ्यास के पहले दिन की शुरुआत की। मंत्रालय ने एक बयान में कहा, “दोपहर के सत्र के दौरान मानवीय सहायता एवं आपदा राहत प्रयासों के बीच समन्वय स्थापित करने को लेकर क्वाड की कार्यस्तरीय बैठक भी आयोजित की गई।” भारत, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और जापान के समूह ‘क्वाड’ का मुख्य रूप से हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता पर ध्यान केंद्रित है। मंगलवार को मनीला में आसियान शिखर सम्मेलन से इतर ‘क्वाड’ शिखर सम्मेलन भी आयोजित किया गया।

मंत्रालय ने बताया कि गुजरात में आयोजित इस अभ्यास में ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, कोमोरोस, इंडोनेशिया, केन्या, मेडागास्कर, मलेशिया, मालदीव, मॉरीशस, मोजाम्बिक, ओमान, सेशेल्स, सिंगापुर, सोमालिया, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, तंजानिया, थाईलैंड, संयुक्त अरब अमीरात, यमन, जापान, अमेरिका, म्यांमा और नेपाल ने भाग लिया। मंत्रालय ने कहा, “इन देशों की भागीदारी ने मानवीय आपात स्थितियों और जटिल आपदा परिस्थितियों से निपटने में बहुपक्षीय सहयोग, क्षेत्रीय साझेदारी और सामूहिक तैयारियों के महत्व को रेखांकित किया।”

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़