Rupee vs Dollar: अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 7 पैसे मजबूत होकर 95.43 पर हुआ बंद

Indian Rupee
AI Image

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में शुक्रवार को रुपया डॉलर के मुकाबले सात पैसे मजबूत होकर 95.43 पर बंद हुआ। विदेशी पूंजी के प्रवाह और भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा डॉलर की बिकवाली से रुपये की चाल को समर्थन मिला। हालांकि, पश्चिम एशिया में तनाव के कारण कच्चे तेल में आई तेजी से रुपये की बढ़त सीमित रही।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया शुक्रवार को डॉलर के मुकाबले सात पैसे मजबूत होकर 95.43 पर बंद हुआ। विदेशी पूंजी का निवेश बढ़ने और भारतीय रिजर्व बैंक के समर्थन से रुपये में मजबूती आई। हालांकि, विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव से कच्चे तेल की कीमतों में आई तेजी और डॉलर के मजबूत होने से रुपये की रफ्तार पर लगाम लगा।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में डॉलर के मुकाबले रुपया 95.40 पर खुला और कारोबार के दौरान 95.25-95.46 के दायरे में रहा। कारोबार के अंत में यह पिछले बंद भाव से सात पैसे बढ़कर 95.43 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। बृहस्पतिवार को रुपया अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 26 पैसे बढ़कर 95.50 पर बंद हुआ था।

जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के मुख्य निवेश रणनीतिकार वी के विजयकुमार ने कहा, ‘‘इस सप्ताह रिजर्व बैंक की लगातार डॉलर बिकवाली से रुपया मजबूत हो रहा है। रुपये की स्थिरता और मजबूती में योगदान देने वाला दूसरा कारक विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों की खरीदारी है। पिछले तीन दिनों में, एफपीआई ने 7,360 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे हैं।’’ इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.28 प्रतिशत बढ़कर 100.14 पर रहा।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.42 प्रतिशत बढ़कर 89.40 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 166.49 अंक बढ़कर 78,094.64 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 66.45 अंक बढ़कर 24,383.60 अंक पर पहुंच गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक शुद्ध लिवाल रहे।

उन्होंने शुक्रवार को शुद्ध रूप से 277.48 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

All the updates here:

अन्य न्यूज़