Jio Platforms समेत 12 कंपनियां अक्टूबर में ला रहीं IPO

प्राथमिक बाजार में धन जुटाने की मजबूत रफ्तार के बीच इस महीने एक दर्जन कंपनियां सार्वजनिक निर्गम पेश करने की तैयारी कर रही हैं। प्रौद्योगिकी, ऊर्जा और स्वास्थ्य सेवा जैसे क्षेत्रों की इन कंपनियों में रिलायंस की डिजिटल इकाई का निर्गम सबसे बड़ा आकर्षण रहने की उम्मीद है। इस साल अब तक 96 निर्गमों के माध्यम से 1.1 लाख करोड़ रुपये से अधिक की पूंजी जुटाई जा चुकी है।
प्राथमिक बाजार में आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के जरिये धन जुटाने की रफ्तार लगातार बनी हुई है। अक्टूबर में जियो प्लेटफॉर्म्स, जेटवर्क मैन्युफैक्चरिंग बिजनेस और अवाडा इलेक्ट्रो समेत करीब एक दर्जन कंपनियां अपना आईपीओ लाने की तैयारी में हैं। इन कंपनियों के आईपीओ से प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य सेवा, नवीकरणीय ऊर्जा, रक्षा और विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में निवेश के नए अवसर मिलने की उम्मीद है।
मर्चेंट बैंकर से मिली जानकारी के अनुसार, इस महीने आईपीओ लाने की तैयारी कर रही अन्य कंपनियों में फ्यूजन सीएक्स, एचडी फायर प्रोटेक्ट, टोन्बो इमेजिंग, बोनफिग्लियोली ट्रांसमिशंस, सहजानंद मेडिकल टेक्नोलॉजीज, पारस हेल्थकेयर, एनडीआर इनविट ट्रस्ट, गुजरात विक्ट्री फोर्जिंग्स और एसएफसी एनवायरनमेंटल टेक्नोलॉजीज शामिल हैं। इस साल अबतक 96 आईपीओ के जरिये कंपनियों ने 1.1 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि जुटाई है। इनमें अकेले सितंबर महीने में 35 आईपीओ बाजार में आए थे।
जेएम फाइनेंशियल लिमिटेड की प्रबंध निदेशक और इक्विटी कैपिटल मार्केट्स प्रमुख नेहा अग्रवाल ने कहा कि वर्ष की दूसरी छमाही में भी भारतीय प्राथमिक बाजार में मजबूत गतिविधियां जारी हैं। हालांकि, शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव और भू-राजनीतिक घटनाक्रम के कारण कंपनियों को आईपीओ लाने के लिए उपयुक्त समय का चयन करना पड़ सकता है, लेकिन गुणवत्तापूर्ण कंपनियों के शेयरों के प्रति निवेशकों की रुचि बनी हुई है। उन्होंने कहा कि घरेलू संस्थागत निवेशकों के पास उपलब्ध पर्याप्त पूंजी और विदेशी निवेशकों की चुनिंदा भागीदारी से सार्वजनिक निर्गम बाजार को समर्थन मिल रहा है।
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड की दूरसंचार और डिजिटल सेवा इकाई जियो प्लेटफॉर्म्स का आईपीओ इस महीने का सबसे बड़ा आकर्षण माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, कंपनी का आईपीओ 21 अक्टूबर को खुलेगा और 23 अक्टूबर को बंद होगा। इसके भारत का अबतक का सबसे बड़ा आईपीओ होने की उम्मीद है।
एचडी फायर प्रोटेक्ट ने अपने 712 करोड़ रुपये के आईपीओ के लिए 258 से 271 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया है। यह निर्गम 13 अक्टूबर को खुलेगा और 15 अक्टूबर को बंद होगा। इसमें प्रवर्तकों की हिस्सेदारी बिक्री (ओएफएस) के जरिये पूरी राशि जुटाई जाएगी।
वहीं, कृत्रिम मेधा (एआई) आधारित ग्राहक अनुभव सेवाएं देने वाली कंपनी फ्यूजन सीएक्स ने 702 करोड़ रुपये के आईपीओ के लिए 275 से 289 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया है। इसका निर्गम 14 अक्टूबर से 16 अक्टूबर तक खुला रहेगा। प्रौद्योगिकी आधारित विनिर्माण मंच जेटवर्क अपने आईपीओ के जरिये करीब 5,000 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है।
इसमें 2,600 करोड़ रुपये का नया निर्गम और 9.68 करोड़ तक शेयरों की बिक्री पेशकश शामिल है। कंपनी का आईपीओ 15 अक्टूबर को खुलेगा और 19 अक्टूबर को बंद होगा। रक्षा प्रौद्योगिकी क्षेत्र की कंपनी टोन्बो इमेजिंग ने 1.22 करोड़ तक शेयरों की बिक्री पेशकश का प्रस्ताव रखा है।
इसका आईपीओ भी 15 से 19 अक्टूबर तक खुला रहेगा। इसी अवधि में बोनफिग्लियोली समूह की भारतीय इकाई बोनफिग्लियोली ट्रांसमिशंस का आईपीओ आएगा। कंपनी ने 4.32 करोड़ तक शेयरों की बिक्री पेशकश का प्रस्ताव दिया है।
चिकित्सा उपकरण बनाने वाली सहजानंद मेडिकल टेक्नोलॉजीज का आईपीओ भी 15 अक्टूबर को खुलेगा और 19 अक्टूबर को बंद होगा। इस निर्गम में 1.38 करोड़ शेयरों की बिक्री पेशकश की जाएगी। नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र की कंपनी अवाडा इलेक्ट्रो आईपीओ के जरिये 7,600 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है।
पारस हेल्थकेयर 1,800 करोड़ रुपये और एनडीआर इनविट ट्रस्ट 750 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में हैं। गुजरात विक्ट्री फोर्जिंग्स ने 1.97 करोड़ तक शेयरों के आईपीओ का प्रस्ताव रखा है। इन कंपनियों के निर्गम में नए शेयर जारी करने और मौजूदा शेयरधारकों की हिस्सेदारी बेचने, दोनों की योजना शामिल है।
जल एवं अपशिष्ट जल उपचार समाधान उपलब्ध कराने वाली एसएफसी एन्वॉयरर्नमेंटल टेक्नोलॉजीज ने 150 करोड़ रुपये के नए शेयर निर्गम और 1.23 करोड़ शेयरों की बिक्री पेशकश वाला आईपीओ प्रस्तावित किया है।
अन्य न्यूज़













