भारत रिफाइनिंग महाशक्ति, US प्रतिनिधिमंडल करेगा Reliance से बात: Marco Rubio

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने मंगलवार को मुंबई में कहा कि भारत के पास भारी कच्चे तेल के प्रसंस्करण की मजबूत क्षमता है। उन्होंने जानकारी दी कि वेनेजुएला में तेल उत्पादन को लेकर एक अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल रिलायंस इंडस्ट्रीज के साथ बातचीत करेगा। रूबियो के अनुसार भारत ने तेल आपूर्ति के स्रोतों में विविधता लाने की दिशा में समझदारी भरा कदम उठाया है।

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने मंगलवार को भारत को रिफाइनिंग महाशक्ति करार दिया और कहा कि अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल वेनेजुएला में तेल के उत्पादन को लेकर रिलायंस के साथ चर्चा करेगा। भारत की तीन दिवसीय यात्रा के तहत मंगलवार दोपहर मुंबई पहुंचे रूबियो ने संवाददाताओं से कहा, भारत एक रिफाइनिंग महाशक्ति है। उनके पास भारी कच्चे तेल को प्रसंस्करण करने की क्षमता है।

उन्होंने अतीत में ऐसा किया है, और मुझे लगता है कि जैसे-जैसे अधिक से अधिक वेनेजुएला का तेल बाजार में आएगा, वे ऐसा फिर कर सकते हैं। उनसे पूछा गया था कि दुनिया की ऊर्जा मांग को पूरा करने में भारत क्या भूमिका निभा सकता है। रूबियो ने मुंबई में संवाददाताओं से कहा, वेनेजुएला में उनके पहले से ही तेल पट्टे मौजूद हैं, जिनका उपयोग करके वे खुद अधिक उत्पादन कर सकते हैं।

उन्होंने कहा, मैं आपसे यह दावा नहीं कर रहा हूं कि दुनिया भर में हो रही कुछ घटनाओं के कारण पैदा होने वाली कमी को अकेले वेनेजुएला पूरा कर सकता है, लेकिन मुझे लगता है कि समय के साथ यह निश्चित रूप से ऐसा कर सकता है और अल्पावधि में यह निश्चित रूप से मदद कर सकता है। अमेरिकी विदेश मंत्री ने कहा, यह उन विषयों में एक है, जिस पर हम चर्चा करेंगे। हमने अतीत में भी भारत के साथ इस पर चर्चा की है, और वे तैयार नजर आते हैं।

वे ऐसा करने के इच्छुक हैं। प्रतिबंधों आदि के रूप में कुछ बाधाएं हो सकती हैं, जिन्हें हमें दूर करना होगा। रूबियो ने कहा, अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल वेनेजुएला में तेल उत्पादन के बारे में रिलायंस के साथ चर्चा करेगा।’’ उन्होंने दावा किया , भारत ने तेल खरीद में विविधता लाने में पर्याप्त प्रगति की है, जो कि एक समझदारी भरा कदम है।’’

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़