Maruti Suzuki बढ़ाएगी ITMS नेटवर्क, Gurugram के 70 चौराहों पर लगेंगे 1000 नए कैमरे

Maruti Suzuki बढ़ाएगी ITMS नेटवर्क, Gurugram के 70 चौराहों पर लगेंगे 1000 नए कैमरे
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

मारुति सुजुकी इंडिया ने अपनी सीएसआर पहल के दूसरे चरण में गुरुग्राम की 65 किलोमीटर सड़कों पर 1,000 अतिरिक्त कैमरे लगाने की योजना बनाई है। इसके बाद शहर भर में कंपनी के लगाए कैमरों की कुल संख्या 1,400 तक पहुंच जाएगी। इस विस्तार का मुख्य उद्देश्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर नजर रखना और सड़क सुरक्षा को और बेहतर बनाना है।

मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड ने गुरुग्राम में एकीकृत यातायात प्रबंधन प्रणाली (आईटीएमएस) के विस्तार की सोमवार को घोषणा की। परियोजना के दूसरे चरण में कंपनी शहर की सड़कों के 65 किलोमीटर क्षेत्र में करीब 70 चौराहों पर 1,000 कैमरे और रडार प्रणाली लगाएगी। यह परियोजना मारुति सुजुकी इंडिया की कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) पहल का हिस्सा है।

इसके तहत कंपनी ने शहर में आईटीएमएस लागू करने के लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) और गुरुग्राम पुलिस के साथ साझेदारी की है। इस विस्तार के बाद मारुति सुजुकी की ओर से लगाए गए कैमरों की संख्या बढ़कर 93 चौराहों और 13 प्रमुख सड़क मार्गों पर 1,400 हो जाएगी। गुरुग्राम के पुलिस आयुक्त सिबाश कबीराज ने कहा, ‘‘एकीकृत यातायात प्रबंधन प्रणाली के विस्तार से यातायात नियमों के उल्लंघन पर नजर रखने, समय पर कार्रवाई करने और नियमों के बेहतर पालन को प्रोत्साहित करने की हमारी क्षमता और मजबूत होगी।’’ कंपनी के अनुसार, कि यातायात की निगरानी और नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए उन्नत प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल के साथ इस पहल का उद्देश्य सड़क सुरक्षा बढ़ाना, यातायात नियमों का पालन बेहतर करना और वाहन चालकों को जिम्मेदारी से वाहन चलाने के लिए प्रोत्साहित करना है।

गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पीसी मीणा ने कहा, ‘‘सीसीटीवी नेटवर्क को जीएमडीए के एकीकृत कमान एवं नियंत्रण केंद्र से जोड़ने से वास्तविक समय में निगरानी बेहतर होगी, नियमों का पालन सुनिश्चित करने वाली एजेंसियों के बीच समन्वय बढ़ेगा और यातायात नियमों के उल्लंघन पर तेजी से कार्रवाई हो सकेगी। इससे सभी यात्रियों के लिए सड़कें अधिक सुरक्षित बनाने में मदद मिलेगी।’’ मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के कॉरपोरेट मामलों के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी राहुल भारती ने कहा, ‘‘यह उन्नत निगरानी प्रणाली बिना हेलमेट वाहन चलाने, दोपहिया वाहन पर तीन लोगों के सवार होने, लाल बत्ती का उल्लंघन करने, तेज गति से वाहन चलाने और गलत दिशा में गाड़ी चलाने जैसी समस्याओं से निपटने में मदद करती है। ये उल्लंघन सड़क सुरक्षा की गंभीर चुनौती को दर्शाते हैं क्योंकि भारत में सड़क दुर्घटनाओं का सबसे प्रमुख कारण अब भी मानवीय चूक है।’’

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़