डेयरी कंपनियों ने चालू वित्त वर्ष में Milk Prices 4 से 8 रुपये बढ़ाए, CareEdge की रिपोर्ट में खुलासा

लागत में बढ़ोतरी और सीमित आपूर्ति के चलते प्रमुख डेयरी ब्रांडों ने चालू वित्त वर्ष के दौरान दूध के खुदरा भाव में 4 से 8 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की है। केयरएज रेटिंग्स के अनुसार अमूल और मदर डेयरी ने मई तथा नवंबर में दो चरणों में दाम बढ़ाए हैं। सर्दियों के मौसम में उत्पादन बढ़ने के बावजूद वसा की कमी और कच्चे दूध की प्रतिस्पर्धा से खुदरा कीमतें चढ़ी हैं।
दूध की खरीद लागत, सीमित आपूर्ति और प्रसंस्करण खर्च बढ़ने के कारण देश की प्रमुख डेयरी कंपनियों ने चालू वित्त वर्ष में दूध की खुदरा कीमतों में 4-8 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की है। यह वृद्धि ऐसे समय में हुई है, जब आमतौर पर सर्दियों में दूध की उपलब्धता बढ़ती है। केयरएज रेटिंग्स की एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है।
रिपोर्ट के अनुसार, मई और नवंबर, 2026 में दो चरणों में की गई कीमतों में वृद्धि के पीछे सर्दियों के मौसम में अपेक्षा से कम दूध की उपलब्धता, कुछ क्षेत्रों में दूध में वसा की कम मात्रा तथा पशु चारे, पैकेजिंग और परिवहन लागत में वृद्धि जैसे कारण हैं। अमूल ब्रांड के उत्पाद बेचने वाली गुजरात सहकारी दुग्ध विपणन संघ (जीसीएमएमएफ) और मदर डेयरी ने मई में दूध की खुदरा कीमतों में करीब दो रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की थी। इसके बाद नवंबर में दोबारा दो से छह रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई।
यह लागत दबाव और आपूर्ति में कमी को दर्शाता है। कीमतों में ताजा वृद्धि का समय महत्वपूर्ण है, क्योंकि अक्टूबर से फरवरी तक के सर्दियों के मौसम में आमतौर पर दूध की आपूर्ति बढ़ती है। इस दौरान ठंडा मौसम, चारे की बेहतर उपलब्धता और पशुओं की उत्पादकता में सुधार से दूध उत्पादन बढ़ता है।
हालांकि, इस मौसम में दूध की उपलब्धता अपेक्षाकृत सीमित रही है। दूध में वसा की कम मात्रा और सहकारी तथा निजी डेयरी कंपनियों के बीच दूध खरीदने की प्रतिस्पर्धा के कारण कच्चे दूध की कीमतें ऊंची बनी हुई हैं। भारत दुनिया का सबसे बड़ा दूध उत्पादक देश है और वैश्विक उत्पादन में उसकी हिस्सेदारी करीब 25 प्रतिशत है।
देश में दूध उत्पादन वित्त वर्ष 2025-26 में सालाना आधार पर 3.6 प्रतिशत बढ़कर 25.68 करोड़ टन रहने का अनुमान है, जो 2024-25 में 24.79 करोड़ टन था। हालांकि, कुल उत्पादन बढ़ने के बावजूद इसकी वृद्धि दर ऐतिहासिक स्तर से धीमी हुई है। दूध उत्पादन चारे की उपलब्धता, मौसम, पशुओं की उत्पादकता और बीमारियों के प्रकोप जैसे कारकों से प्रभावित होता है।
प्रति व्यक्ति दूध की उपलब्धता 2025-26 में बढ़कर करीब 498 ग्राम प्रतिदिन हो गई, जो 2024-25 में 485 ग्राम थी। रिपोर्ट के अनुसार, देश में दूध उत्पादन वित्त वर्ष 2014-15 के 14.63 करोड़ टन से बढ़कर 2024-25 में 24.79 करोड़ टन हो गया। इस दौरान इसकी वार्षिक औसत वृद्धि दर करीब 5.4 प्रतिशत रही।
देश में दूध की औसत खुदरा कीमत 2015-16 के करीब 39.6 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 2025-26 में 59.1 रुपये प्रति लीटर हो गई। इस दौरान कीमतों में सालाना औसतन करीब 4.1 प्रतिशत की वृद्धि हुई। दूध की मौजूदा आपूर्ति स्थिति का असर स्किम्ड मिल्क पाउडर (एसएमपी) की कीमतों पर भी पड़ा है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में एसएमपी की कीमत अक्टूबर, 2026 में 3,800 डॉलर प्रति टन से अधिक हो गई, जो करीब 360 रुपये प्रति किलोग्राम के बराबर है। यह सालाना आधार पर लगभग 36 प्रतिशत की वृद्धि है।
अन्य न्यूज़













