राजस्थान में 45 हजार पदों पर भर्ती संविदा में बदलने का Ashok Gehlot ने लगाया आरोप

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को दावा किया कि राज्य की भाजपा सरकार स्थायी नौकरियों के वादे के बावजूद 10 विभागों की 20 भर्तियों में करीब 45 हजार पदों को संविदा आधार पर भर रही है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने नियमों के तहत एक लाख 10 हजार कर्मियों के नियमितीकरण का रास्ता खोला था, जबकि वर्तमान सरकार पहले से तैनात संविदाकर्मियों को भी पक्का नहीं कर रही है।

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को राज्य की भाजपा सरकार पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया और कहा कि सरकार स्थायी नौकरियों के वादे के बावजूद हजारों पदों पर संविदा के आधार पर भर्ती कर रही है। गहलोत ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि कांग्रेस सरकार संविदा नौकरियों को स्थायी कर रही थी, जबकि भाजपा सरकार स्थायी नौकरियों को संविदा में बदल रही है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार ने पुराने संविदाकर्मियों को नियमित करने के नियम बनाए थे और करीब एक लाख 10 हजार कर्मचारियों के लिए स्थायी नौकरी का रास्ता खोला था।

पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार एक ओर चार लाख सरकारी नौकरियां देने का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर 10 विभागों की 20 भर्तियों में करीब 45 हजार पदों को स्थायी के बजाय संविदा आधार पर भरने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि ये भर्तियां स्थायी भर्तियों के रूप में निकाली गई थीं, लेकिन अब सफाई कर्मचारियों के करीब 24,700, नर्सिंग अधिकारियों के करीब 3,000, जूनियर तकनीकी सहायकों के 2,600 और आयुष अधिकारियों एवं सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) के करीब 5,000 पद संविदा आधार पर भरे जाएंगे। गहलोत ने कहा कि पहले से कार्यरत संविदाकर्मियों को भी भाजपा सरकार ने नियमित नहीं किया है और अब नई भर्तियां भी संविदा आधार पर की जा रही हैं।

उन्होंने सवाल किया कि जब स्थायी पदों पर भर्ती का वादा किया गया था तो उन्हें संविदा पदों में क्यों बदला गया। उन्होंने कहा कि जिन युवाओं ने स्थायी नौकरी की उम्मीद में वर्षों तक तैयारी की, उन्हें संविदा नौकरी देने का सरकार को क्या अधिकार है। गहलोत ने आरोप लगाया कि सरकार बड़े-बड़े दावे कर रही है, लेकिन वास्तविकता यह है कि युवाओं के भविष्य पर कुठाराघात हो रहा है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़