महंगाई के बीच Good News, Mother Dairy ने Milk Price पर दिया बड़ा अपडेट, अभी नहीं बढ़ेंगे दाम

Mother Dairy
ANI

मदर डेयरी ने स्पष्ट किया है कि दूध की पर्याप्त आपूर्ति के चलते फिलहाल खुदरा कीमतों में बढ़ोतरी की कोई योजना नहीं है, जिससे उपभोक्ताओं को राहत मिली है। चेयरमैन मीनेश शाह के अनुसार, भविष्य में मूल्य वृद्धि केवल लागत बढ़ने पर ही निर्भर करेगी, क्योंकि वर्तमान में खरीद और आपूर्ति की स्थिति संतोषजनक है।

 मदर डेयरी ने मंगलवार को कहा कि दूध की आपूर्ति की स्थिति पर्याप्त बनी है और फिलहाल इसके खुदरा दाम बढ़ाने का उसका कोई इरादा नहीं है। मदर डेयरी ने पिछले महीने दूध के दामों में दो रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। देश की प्रमुख ताजा दूध आपूर्ति करने वाली कंपनियों में शामिल मदर डेयरी प्रतिदिन कई राज्यों में लगभग 55 लाख लीटर दूध की बिक्री करती है। कंपनी ने बढ़ती लागत के प्रभाव को आंशिक रूप से संतुलित करने के लिए अपने विभिन्न दूध उत्पादों के दाम 14 मई को दो रुपये प्रति लीटर बढ़ाए थे।

यहां एक संवाददाता सम्मेलन में मदर डेयरी के चेयरमैन मीनेश शाह ने कहा कि कंपनी ने करीब एक वर्ष के अंतराल के बाद पिछले महीने दूध के दाम बढ़ाए थे और यह बढ़ोतरी बढ़ी हुई लागत के कारण की गई थी। शाह ने दूध की कीमतों में आगे किसी बढ़ोतरी की संभावना के बारे में पूछे जाने पर कहा, ‘‘मुझे फिलहाल किसी और बढ़ोतरी की आशंका नहीं दिखती। हालांकि, अगर लागत में और वृद्धि होती है और हम अपनी लागत की भरपाई नहीं कर पाते हैं, तो उस स्थिति की समीक्षा करेंगे।’’

राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) के चेयरमैन की भी जिम्मेदारी संभालने वाले शाह ने कहा, ‘‘लेकिन फिलहाल उपभोक्ताओं के लिए दूध की कीमत बढ़ाने का हमारा कोई इरादा नहीं है।’’ उन्होंने कहा कि देश में दूध की आपूर्ति और पशु पालकों से दूध खरीद की स्थिति फिलहाल संतोषजनक है। मौसम विभाग द्वारा मानसून में सामान्य रूप से कम बारिश के पूर्वानुमान के बीच चारे की उपलब्धता को लेकर जताई जा रही चिंताओं पर उन्होंने कहा कि देश में कुल मिलाकर चारे की उपलब्धता में कोई बड़ी समस्या नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि कुछ राज्यों में दिक्कत हो सकती है, लेकिन देश के अन्य हिस्सों से उसकी भरपाई की जा सकेगी। शाह ने कहा कि चालू वित्त वर्ष में देश का दूध उत्पादन पिछले वर्ष के लगभग 25 करोड़ टन के स्तर से चार से छह प्रतिशत बढ़ने का अनुमान है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़