Odisha Politics में जबरदस्त घमासान, Mohan Charan Majhi ने खोली पुरानी फाइलें, Naveen Patnaik, VK Pandian से लिया जायेगा हिसाब

हम आपको बता दें कि मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने विदेश यात्राओं से जुड़े खर्च और सरकारी रिकॉर्ड में सामने आई कथित विसंगतियों की जांच कराने का फैसला किया है। जांच की जिम्मेदारी सामान्य प्रशासन विभाग के प्रधान सचिव एसके वशिष्ठ को सौंपी गई है।
ओडिशा की राजनीति में सत्ता परिवर्तन के करीब ढाई साल बाद भी बीजू जनता दल (BJD) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच सियासी जंग थमने का नाम नहीं ले रही है। अब इस जंग के केंद्र में पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और उनके सबसे भरोसेमंद सहयोगी रहे वीके पांडियन आ गए हैं। ओडिशा की बीजेपी सरकार ने नवीन पटनायक, वीके पांडियन और आईपीएस अधिकारी रवि कांत की विदेश यात्राओं और उन पर हुए सरकारी खर्च की जांच के आदेश देकर बीजेडी के पुराने शासनकाल की एक नई फाइल खोल दी है। इस फैसले ने न केवल पटनायक के 24 साल के शासनकाल के दौरान सत्ता और नौकरशाही के रिश्तों को चर्चा में ला दिया है, बल्कि ओडिशा की राजनीति में एक नए टकराव की जमीन भी तैयार कर दी है।
हम आपको बता दें कि मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने विदेश यात्राओं से जुड़े खर्च और सरकारी रिकॉर्ड में सामने आई कथित विसंगतियों की जांच कराने का फैसला किया है। जांच की जिम्मेदारी सामान्य प्रशासन विभाग के प्रधान सचिव एसके वशिष्ठ को सौंपी गई है। दरअसल, 2022 से 2024 के बीच नवीन पटनायक और उनके करीबी अधिकारियों की इटली, दुबई, जापान और सिंगापुर की यात्राओं को लेकर सवाल उठे हैं। सूचना के अधिकार के तहत प्राप्त जानकारियों में खर्च के विवरण को संदिग्ध, अधूरा और पारदर्शिता से परे बताए जाने के बाद सरकार ने प्रशासनिक जांच का रास्ता चुना है।
इसे भी पढ़ें: Odisha की Mohan Majhi सरकार का बड़ा कदम, Naveen Patnaik के विदेशी दौरों की होगी जांच
नवीन पटनायक के मुख्यमंत्री रहते हुए उनकी विदेश यात्राएं संख्या में भले ही सीमित रही हों, लेकिन इन यात्राओं में उनके साथ वीके पांडियन और आईपीएस अधिकारी रवि कांत की मौजूदगी ने कई सवाल खड़े किए हैं। जून 2022 में पटनायक 11 दिनों के विदेश दौरे पर इटली और दुबई गए थे। इटली में उन्होंने वर्ल्ड फूड प्रोग्राम के कार्यक्रम में हिस्सा लिया और वेटिकन सिटी में पोप फ्रांसिस से मुलाकात की। इसके बाद दुबई में निवेशकों के साथ बैठक की। अप्रैल 2023 में वह ओडिशा में निवेश आकर्षित करने के उद्देश्य से जापान और सिंगापुर के दौरे पर भी गए थे।
इन यात्राओं में वीके पांडियन की मौजूदगी इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि वह एक दशक से अधिक समय तक मुख्यमंत्री के निजी सचिव रहे और नवीन पटनायक के शासनकाल में प्रशासनिक तथा राजनीतिक फैसलों पर उनके प्रभाव को लेकर लगातार चर्चा होती रही। 2024 के विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने बीजेडी में प्रवेश किया और पार्टी के चुनाव अभियान की कमान भी संभाली। चुनाव में बीजेडी की करारी हार के बाद पांडियन ने सक्रिय राजनीति से दूरी बनाने की घोषणा की, लेकिन नवीन पटनायक के करीबी सहयोगी के रूप में उनकी भूमिका खत्म नहीं हुई।
जांच का एक महत्वपूर्ण पहलू इटली में भारतीय दूतावास से जुड़ा है। आरटीआई के जवाब में रोम स्थित भारतीय दूतावास ने कथित तौर पर कहा कि नवीन पटनायक की यात्रा के लिए उसकी ओर से कोई व्यवस्था नहीं की गई थी और इस संबंध में भारत सरकार तथा दूतावास के बीच कोई पत्राचार भी नहीं हुआ था। ऐसे में सरकारी रिकॉर्ड, यात्रा की व्यवस्थाओं और वास्तविक खर्च के बीच अंतर की पड़ताल जांच का अहम हिस्सा बन सकती है। हालांकि, अभी किसी अनियमितता या गैरकानूनी गतिविधि की पुष्टि नहीं हुई है।
उधर, बीजेडी ने इस जांच को राजनीतिक बदले की कार्रवाई करार देने में देर नहीं लगाई। पार्टी का आरोप है कि बीजेपी सरकार अपनी विफलताओं से जनता का ध्यान हटाने के लिए पुराने मामलों को उछाल रही है। नवीन पटनायक ने भी इस विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए आरोपों को झूठा बताया और कहा कि उन्होंने ओडिशा के हितों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों के लिए ही विदेश यात्राएं की थीं। उन्होंने यह भी कहा कि इन आरोपों का उचित जवाब दिया जाएगा।
लेकिन बीजेडी के पलटवार ने विवाद को एक नया मोड़ दे दिया है। पार्टी ने मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, उनके दोनों उपमुख्यमंत्रियों, मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों की विदेश यात्राओं की भी जांच कराने की मांग की है। बीजेडी नेताओं ने उपमुख्यमंत्री प्रवती परिडा की नवंबर 2024 में लंदन यात्रा और उनके हालिया इंडोनेशिया-बाली दौरे पर भी सवाल उठाए हैं। पार्टी ने पूछा है कि इन यात्राओं से ओडिशा को आखिर कितना निवेश और पर्यटन संबंधी लाभ मिला।
देखा जाये तो इस पूरे घटनाक्रम का राजनीतिक महत्व इसलिए भी बढ़ गया है क्योंकि ओडिशा में फरवरी-मार्च 2027 में पंचायत और शहरी निकाय चुनाव प्रस्तावित हैं। बीजेपी 2024 में सत्ता हासिल करने के बाद भी बीजेडी के मजबूत जमीनी संगठन को निर्णायक रूप से कमजोर नहीं कर पाई है। वहीं नवीन पटनायक लगातार सरकार को घेर रहे हैं। बीजेडी नेता सुजाता कार्तिकेयन की सक्रियता और पांडियन के राजनीतिक प्रभाव को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं।
हम आपको यह भी याद दिला दें कि पांडियन की हेलीकॉप्टर यात्राओं पर सरकारी खजाने से करीब 500 करोड़ रुपये खर्च होने के आरोप भी पहले लगाए गए थे। हालांकि सितंबर 2026 में खुर्दा की अदालत ने इस मामले में उनके खिलाफ दायर आपराधिक पुनरीक्षण याचिका खारिज कर दी थी। ऐसे में विदेश यात्राओं की नई जांच राजनीतिक रूप से और भी महत्वपूर्ण हो गई है।
बहरहाल, अब बीजेपी सरकार के सामने चुनौती सिर्फ जांच शुरू करने की नहीं, बल्कि विदेश यात्राओं के खर्च, सरकारी प्रक्रियाओं और कथित विसंगतियों का ठोस ब्यौरा सामने लाने की है। दूसरी ओर, नवीन पटनायक और बीजेडी के लिए यह मामला उनके लंबे शासनकाल की प्रशासनिक कार्यशैली पर उठते सवालों का जवाब देने की नई चुनौती बन गया है। ओडिशा में अब लड़ाई केवल सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित नहीं रही, बल्कि पूर्ववर्ती सरकार के फैसलों, नौकरशाही के प्रभाव और सरकारी धन के इस्तेमाल की जवाबदेही तक पहुंच गई है।
-नीरज कुमार दुबे
अन्य न्यूज़














