आखिर बिहार के चिराग पासवान यूपी की राजनीति में दिलचस्पी क्यों ले रहे हैं? उनकी सियासी रणनीति समझिए

Chirag Paswan
ANI
कमलेश पांडे । Nov 23 2026 7:54PM

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की यूपी की राजनीति में दिलचस्पी का सबसे महत्वपूर्ण पहलू दलित मतदाताओं के बीच अपनी स्वीकार्यता बढ़ाना है। चूंकि उत्तर प्रदेश में दलित आबादी लगभग 21 प्रतिशत मानी जाती है। इसमें मायावती की जाति जाटव और गैर-जाटव दलित समुदायों की राजनीतिक भूमिका महत्वपूर्ण है।

उत्तर प्रदेश की राजनीति में केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान की बढ़ती सक्रियता केवल एक क्षेत्रीय दल के विस्तार की सामान्य कवायद नहीं है, बल्कि इसके पीछे 2027 के विधानसभा चुनाव, दलित मतदाताओं के बीच नए सामाजिक समीकरण बनाने, भाजपा के साथ गठबंधन में अपनी राजनीतिक हैसियत बढ़ाने और बिहार से बाहर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत करने की महत्वाकांक्षा दिखाई देती है।

हालांकि यहां पर एक सबसे बड़ा सवाल यह छिपा हुआ है कि चिराग़ पासवान किसके इशारे पर यूपी की ओर रुख किए हैं - भाजपा या कांग्रेस? क्योंकि भारतीय राजनीति में उन्हें सुपाड़ी राजनीतिज्ञ समझा जाता है। बिहार के जनतादल यूनाइटेड (जदयू) सुप्रीमो और तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को निपटाने की उन्होंने सुपाड़ी ली और महज 6 वर्षों के भीतर ही अपने लक्ष्य को पा लिया। सियासत में खुद को 'मोदी का हनुमान' कहने वाले चिराग़ पासवान के भीतर क्या चल रहा है यह तो वो ही जानें, लेकिन अपनी सुविधा के अनुसार सियासी दुविधा पैदा करके उसका लाभ उठाने के दृष्टिगत अब वो माहिर खिलाड़ी समझे जाते हैं।

भले ही चिराग पासवान ने संकेत दिया है कि यदि गठबंधन में सीटों को लेकर सहमति नहीं बनती है तो उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार उतारने का विकल्प खुला रखेगी। गत 17 नवंबर को लखनऊ में भी उन्होंने कहा कि पार्टी चुनाव की तैयारी कर रही है और गठबंधन अथवा अकेले चुनाव लड़ने का फैसला बाद में होगा। सवाल है कि आखिर बिहार की राजनीति में मजबूत होती अपनी पार्टी को चिराग पासवान उत्तर प्रदेश में क्यों विस्तार देना चाहते हैं? इसके सात प्रमुख सियासी मायने समझने जरूरी हैं, जो अग्रलिखित हैं:-

पहला, बिहार से निकलकर राष्ट्रीय राजनीति में बड़ा चेहरा बनने की सियासी महत्वाकांक्षा

एलजेपी (आर) प्रमुख और मोदी सरकार के केबिनेट मंत्री चिराग पासवान की राजनीतिक ताकत का प्रमुख आधार बिहार रहा है। लेकिन केवल बिहार तक सीमित रहकर राष्ट्रीय राजनीति में दीर्घकालिक प्रभावशाली भूमिका निभाना कठिन है। उत्तर प्रदेश इस लिहाज से उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण राजनीतिक प्रयोगशाला हो सकता है, क्योंकि हिंदी पट्टी की सियासी तासीर एक ही है। बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर और मान्यवर कांशीराम के बाद कोई ऐसा दलित नेता नहीं हुआ, जिसकी राष्ट्रीय स्वीकार्यता हो। अधिकांश नेताओं ने पहले कांग्रेस या क्षेत्रीय दलों और अब भाजपा या उसके समर्थक दलों की शह पर सूबाई दलित नेताओं को ही निबटाने में लगे रहते हैं। उत्तरप्रदेश की राजनीति में बहुजन समाज पार्टी नेत्री और पूर्व मुख्यमंत्री सुश्री मायावती की अवसरवादी नीतियों व पारिवारिक राजनीति और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) प्रमुख और नगीना सांसद चंद्रशेखर उर्फ रावण को निबटाने का होमवर्क चिराग़ पासवान पूरा करेंगे या फिर टीम मोदी प्रदत्त अन्य किसी टारगेट को साधेंगे, यह तो गुजश्ते वक्त के साथ पता चलेगा, लेकिन उत्तर प्रदेश इस लिहाज से उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण राजनीतिक प्रयोगशाला हो सकता है, क्योंकि इसके पीछे तीन प्रमुख कारण हैं:- एक, उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा विधानसभा वाला राज्य है। दो, यहां लोकसभा की 80 सीटें हैं, जो केंद्र की सत्ता के समीकरण में महत्वपूर्ण हैं। तीन, यहां दलित, पिछड़े, सवर्ण और युवा मतदाताओं के बीच नए राजनीतिक समीकरण बनाने की पर्याप्त संभावनाएं हैं। चूंकि चिराग पासवान संभवतः अपनी पार्टी को बिहार केंद्रित दल से आगे बढ़ाकर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना चाहते हैं। उनकी पार्टी ज्यादा बाहुबली सवर्णों या उनके करीबियों को टिकट देकर लोकसभा या विधानसभा चुनाव जीतती आई है, इसलिए उत्तरप्रदेश उनकी राजनीति के लिए उर्वर प्रदेश साबित हो सकता है। बिहार में पहले उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के राजनीतिक उभार से दलित राजनीति की संभावनाएं किसी पिछलग्गू पार्टी से ज्यादा की नहीं बची हैं। मंडल/कमण्डल के जिस राजनीतिक दौर में यूपी में ब्रेक के बाद चार-चार बार दलित मुख्यमंत्री बना, वहीं बिहार में पिछलग्गू पार्टी होने के चलते एक बार भी दलित मुख्यमंत्री नहीं बनाया। एक बार नीतीश कुमार ने जेडीयू नेता जीतनराम मांझी को मौका भी दिया तो उनकी चतुराई देखकर जल्दी हटवा दिया।

इसे भी पढ़ें: PM Narendra Modi Vaishali rally | ‘पहले सुर्खियों में घोटाले होते थे, अब निवेश की चर्चा होती है’, वैशाली में PM मोदी का पिछली सरकारों पर बड़ा हमला

दूसरा, पासी समुदाय के बीच राजनीतिक आधार बनाने की कोशिश

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की यूपी की राजनीति में दिलचस्पी का सबसे महत्वपूर्ण पहलू दलित मतदाताओं के बीच अपनी स्वीकार्यता बढ़ाना है। चूंकि उत्तर प्रदेश में दलित आबादी लगभग 21 प्रतिशत मानी जाती है। इसमें मायावती की जाति जाटव और गैर-जाटव दलित समुदायों की राजनीतिक भूमिका महत्वपूर्ण है। लिहाजा चिराग की पार्टी विशेष रूप से गैर जाटव समझे जाने वाले पासी समुदाय के बीच अपनी राजनीतिक पकड़ बनाने की कोशिश कर रही है, क्योंकि पासी समुदाय का प्रभाव अवध और पूर्वांचल के अनेक विधानसभा क्षेत्रों में है। आंकड़ों के मुताबिक, एलजेपी आर पार्टी ने पासी आबादी वाले लगभग 100 विधानसभा क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों पर अपना ध्यान केंद्रित किया है। उनकी इस रणनीति के पीछे संभावित उद्देश्य ये हैं कि:- एक, बसपा के परंपरागत दलित आधार में सेंध लगाने की संभावना तलाशना। दूसरा, गैर-जाटव दलित मतदाताओं के बीच नई राजनीतिक पहचान बनाना। तीन, पासी और पासवान समुदाय के बीच सामाजिक-राजनीतिक संबंधों को मजबूत करना। चार, भाजपा और अन्य दलों के लिए दलित मतदाताओं के बीच नए संपर्क सूत्र बनना। यहां एक महत्वपूर्ण बात यह समझनी होगी कि पासी समुदाय और बिहार का पासवान समुदाय अलग-अलग सामाजिक समुदाय हैं। इसलिए दोनों के बीच राजनीतिक समर्थन स्वतः स्थानांतरित हो जाएगा, ऐसा मानना उचित नहीं होगा, फिर भी चिराग पासवान का मानना है कि कोशिश करने में क्या हर्ज है?

तीसरा, मायावती और चंद्रशेखर की राजनीतिक जमीन पर नए दावेदार बनने की कोशिश

उत्तर प्रदेश में लंबे समय तक दलित राजनीति का सबसे बड़ा चेहरा मायावती रही हैं। लेकिन उनकी आर्थिक भूख और पारिवार वाद-विवाद के चलते पिछले कुछ चुनावों में बसपा के चुनावी प्रदर्शन में आई गिरावट के बाद दलित मतदाताओं के बीच राजनीतिक प्रतिस्पर्धा बढ़ी है। उधर, नगीना सांसद चंद्रशेखर ने बाहुबली राजनीति के द्वारा मायावती का विकल्प बनने की कोशिश किए। लेकिन अब चिराग पासवान की मौजूदगी उन दोनों नेताओं के लिए बहुत बड़ी राजनीतिक चुनौती साबित होगी, क्योंकि इनका राजनीतिक व्यक्तित्व और पारिवारिक सियासी विरासत मायावती और चंद्रशेखर के ऊपर भारी पड़ेगी। चाहे पंडित यानी ब्राह्मण हों या अल्पसंख्यक मुसलमान वह भी ज्यादा भरोसा करेंगे, क्योंकि बिहार की नजीर उनके समक्ष होगी। उनका मृदु स्वभाव भी राजनीतिक कार्यकर्ताओं को ज्यादा आकर्षित करेगा। साथ ही, केंद्र और बिहार की सत्ता में भागीदार दल होने का प्रभाव भी नेताओं पर पड़ेगा।

अब इस दलित सामाजिक आधार तक पहुंचने की कोशिश में कई राजनीतिक चेहरे दिखाई दे रहे हैं:

एक, मायावती: बसपा के परंपरागत जाटव आधार को मजबूत रखने की चुनौती, साथ ही गैर जाटवों को भी जोड़ने की कवायद तेज करना। दो, अखिलेश यादव: पीडीए के माध्यम से पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक मतदाताओं को जोड़ने का प्रयास। तीन, चंद्रशेखर आजाद: दलित युवाओं के बीच अपनी स्वतंत्र राजनीतिक पहचान मजबूत करने की कोशिश। चार, चिराग पासवान: पासी सहित गैर-जाटव दलित समुदायों के बीच राजनीतिक विस्तार की संभावना।

इसका अर्थ है कि दलित राजनीति अब केवल एक पार्टी या एक नेता तक सीमित नहीं रह सकती। चिराग की सक्रियता इस प्रतिस्पर्धा को और दिलचस्प बना सकती है। आपको पता होना चाहिए कि भारतीय राजनीति में दलित-मुस्लिम समीकरण की सोच चिराग पासवान के पिता और लोजपा के संस्थापक पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के द्वारा ही पैदा की गई है, इसलिए इन नजरिए से भी उनका समीकरण ज्यादा मजबूत हो सकता है।

चौथा, भाजपा के साथ गठबंधन में अपनी राजनीतिक कीमत बढ़ाने की रणनीति

यह चिराग पासवान की यूपी राजनीति में सक्रियता का सबसे महत्वपूर्ण पहलू हो सकता है, क्योंकि चिराग केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए के सहयोगी हैं। बिहार में भी उनकी पार्टी एनडीए के साथ है। ऐसे में उत्तर प्रदेश में उनकी सक्रियता को भाजपा से सीधे टकराव के बजाय गठबंधन के भीतर अपनी राजनीतिक उपयोगिता बढ़ाने के प्रयास के रूप में भी देखा जा सकता है। इसके तीन संभावित लाभ हैं: एक, भाजपा के सामने अपनी पार्टी की चुनावी उपयोगिता साबित करना। दो, सीटों के बंटवारे में सम्मानजनक हिस्सेदारी की संभावना बढ़ाना। तीन, दलित मतदाताओं के बीच भाजपा के सामाजिक आधार को मजबूत करने में सहयोगी की भूमिका हासिल करना। हालांकि, भाजपा के कुछ नेताओं को लगता है कि चिराग की पार्टी कुछ क्षेत्रों में विपक्ष के वोटों को प्रभावित कर सकती है। इसलिए चिराग की सक्रियता को भाजपा के लिए एक संभावित अवसर और गठबंधन के भीतर सीटों के सवाल पर एक नई चुनौती, दोनों रूपों में देखा जा सकता है। हालांकि, राज की बात यह भी है कि यूपी में चिराग पासवान का राजनीतिक पदार्पण केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संयुक्त सियासी शतरंज खेल की कवायद के तहत करवाया गया है, क्योंकि मोदी/शाह जिन मजबूत सवर्ण या अन्य नेताओं के टिकट काटेंगे, उन्हें लोजपा आर की छतरी के तहत जितवाया जाएगा और जब भाजपा अल्पमत में आएगी, तब लोजपा का असली सियासी खेल शुरू होगा, क्योंकि चिराग पासवान आजीवन यह कैसे भूल सकते हैं कि उनकी पार्टी को तोड़वाने में भाजपा की अहम भूमिका रही है, इसलिए अब वह अपनी दलित राजनीति की पूरी कीमत वसूलने की सियासत करते हैं और हरेक राजनीतिक जोखिम उठाने का माद्दा भी रखते हैं। यदि आपको इस बात पर संशय हो तो बाबा विश्वनाथ मंदिर में हुए एक सियासी पूजा की फोटो पुनः देख लीजिए, जो तब मीडिया में प्रमुखता से छपी थीं।

पांचवां, सभी 403 सीटों पर लड़ने का बयान आखिर क्यों?

चिराग पासवान का सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने का संकेत राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है और भाजपा की गुटीय राजनीति से इसका सीधा वास्ता है। यही बात कांग्रेस-सपा संबंधों पर भी लागू होती है। अभी न सही, कभी तो जनाधार बढ़ेगा और राजनीतिक तस्वीर बदलेगी। लेकिन इसे अभी अंतिम चुनावी फैसला मानना जल्दबाजी होगी। इसके पीछे कुछ संभावित रणनीतिक उद्देश्य हो सकते हैं: एक, पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह पैदा करना। दो, प्रदेश में संगठन विस्तार की गति बढ़ाना। तीन, संभावित उम्मीदवारों को सक्रिय करना। चार, भाजपा के साथ सीटों के बंटवारे की बातचीत में अपनी स्थिति मजबूत करना।

पांच, पार्टी को केवल गठबंधन के सहारे चलने वाली राजनीतिक ताकत की छवि से बाहर निकालना। खास बात यह है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी चिराग के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि वे एनडीए के सहयोगी हैं और चुनाव के समय सीटों को लेकर बातचीत होगी। इससे स्पष्ट होता है कि फिलहाल गठबंधन से अलग होने की कोई घोषित अंतिम घोषणा नहीं हुई है। चूंकि भाजपा के लिए बसपा और आसपा (के) के मुकाबले लोजपा (आर) की दलित राजनीति ज्यादा मुफीद होगी, इसलिए उसके साथ भाजपा कोई भी रिस्क ले सकती है। उसकी स्पष्ट रणनीति है कि भाजपा से नाराज सवर्ण सपा, बसपा और आसपा (के) की ओर न जाकर लोजपा (रामविलास) की ओर झुकें।

छठा, ब्राह्मण और युवा मतदाताओं तक पहुंचने का प्रयास

चिराग की रणनीति केवल दलित राजनीति तक सीमित नहीं दिखाई देती, बल्कि उनकी पार्टी ने उत्तर प्रदेश में पासी-पासवान सम्मान यात्रा, दलित चौपाल और ब्राह्मण सम्मेलन जैसे कार्यक्रमों की योजना बनाई है। साथ ही युवा मतदाताओं के बीच भी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसका राजनीतिक अर्थ इस प्रकार समझिए:- एक, पासी समुदाय: दलित आधार का विस्तार। दो, अन्य गैर-जाटव दलित: नया सामाजिक समर्थन। तीन, ब्राह्मण: सवर्ण मतदाताओं तक पहुंच। चार, युवा और जेन-जी (Gen-Z): भविष्य का संगठनात्मक आधार तैयार करना। पांच, पूर्वांचल के मतदाता: बिहार से सटे क्षेत्रों में राजनीतिक विस्तार। यानी चिराग एक व्यापक सामाजिक गठजोड़ तैयार करने की कोशिश में हैं।

सातवां, क्या चिराग पासवान भाजपा के लिए मददगार होंगे या नई चुनौती बनेंगे?

यह सबसे दिलचस्प राजनीतिक सवाल है। इसका उत्तर काफी हद तक इस बात पर निर्भर करेगा कि चिराग एनडीए के साथ चुनाव लड़ते हैं या अलग। एक, यदि भाजपा के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ते हैं तो दलित मतदाताओं तक एनडीए की पहुंच बढ़ सकती है। बावजूद इसके कुछ सीटों पर दोस्ताना लड़ाई भी देखने को मिल सकती है। दो, यदि सीमित सीटों पर अलग चुनाव लड़ते हैं तो कुछ क्षेत्रों में विपक्ष और एनडीए दोनों के समीकरण प्रभावित हो सकते हैं। तीन, यदि व्यापक स्तर पर अलग चुनाव लड़ते हैं तो एनडीए के सहयोगी दलों के साथ सीटों और मतों का टकराव संभव है। चार, 403 सीटों पर चुनाव: पार्टी का संगठन और वास्तविक जनाधार बड़ी परीक्षा से गुजरेंगे।   
साथ ही, यह भी ध्यान रखना होगा कि उत्तर प्रदेश में चिराग की पार्टी का पिछला चुनावी आधार बहुत सीमित रहा है। चूंकि 2022 के विधानसभा चुनाव में लोजपा (रामविलास) को महज 0.01 प्रतिशत वोट मिले थे। इसलिए बिहार की सफलता को उत्तर प्रदेश में स्वतः दोहराया हुआ नहीं माना जा सकता।

आठवां, उत्तर प्रदेश की राजनीति पर इसके पांच बड़े संभावित निहितार्थ को यूँ समझिए

एक, बसपा के लिए गैर-जाटव दलित मतदाताओं के बीच अपनी राजनीतिक पकड़ बनाए रखने की चुनौती बढ़ सकती है। दो, अखिलेश यादव के पीडीए समीकरण को दलित मतदाताओं के बीच नए राजनीतिक दावेदारों का सामना करना पड़ सकता है। तीन, भाजपा को चिराग के माध्यम से दलित मतदाताओं के बीच अपनी सामाजिक पहुंच बढ़ाने का एक अतिरिक्त अवसर मिल सकता है। चार, अपना दल, निषाद पार्टी और सुभासपा जैसे एनडीए सहयोगियों के बीच सीटों के बंटवारे की प्रतिस्पर्धा बढ़ सकती है। पांच, बिहार की राजनीति में मजबूत हुए चिराग पासवान उत्तर प्रदेश के माध्यम से राष्ट्रीय राजनीति में अपनी स्वतंत्र पहचान बनाने की कोशिश कर सकते हैं।

देखा जाए तो चिराग की यूपी राजनीति में दिलचस्पी के पीछे तीन स्तरों की रणनीति काम कर रही है। लिहाजा चिराग पासवान की उत्तर प्रदेश में बढ़ती सक्रियता को तीन स्तरों पर समझना चाहिए:- एक, सामाजिक विस्तार: पासी और अन्य गैर-जाटव दलित समुदायों के बीच अपनी राजनीतिक जमीन तैयार करना। दो, गठबंधन की राजनीति: भाजपा के सामने अपनी चुनावी उपयोगिता साबित कर सम्मानजनक सीट हिस्सेदारी हासिल करने की संभावना बनाना। तीन, राष्ट्रीय महत्वाकांक्षा: बिहार से आगे निकलकर उत्तर प्रदेश में भी अपनी पार्टी का संगठन और राजनीतिक प्रभाव स्थापित करना। हालांकि, क्षेत्रीय दलों का अतीत इस बात की भी चुगली करता है कि जब भी उन्होंने राष्ट्रीय पार्टी बनने की जुगत बैठाई, समय के साथ मूल राज्य ने भी नकार दिया। आप, बसपा, सपा, राजद, जदयू, टीएमसी, एनसीपी, शिवसेना और आप आदि को बतौर उदाहरण लिया जा सकता है।

सबसे बड़ा सवाल यह नहीं है कि चिराग पासवान उत्तर प्रदेश की 403 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं या नहीं, बल्कि यह है कि वे वास्तव में कितनी सीटों पर प्रभावशाली चुनावी उपस्थिति दर्ज करा पाएंगे। क्योंकि उत्तर प्रदेश में केवल चुनाव लड़ना राजनीतिक ताकत का प्रमाण नहीं है। असली ताकत मतदाताओं के बीच स्वीकार्यता, संगठन की मजबूती और चुनाव परिणामों में दिखाई देती है।

आगामी 2027 का विधानसभा चुनाव यह तय करने में महत्वपूर्ण होगा कि चिराग पासवान उत्तर प्रदेश में केवल एनडीए के एक सहयोगी की भूमिका निभाएंगे या अपनी स्वतंत्र राजनीतिक जमीन तैयार करने में भी सफल होंगे। उनके लिए सुखद बात यह है कि उनके पिता रामविलास पासवान बिजनौर से सांसद थे। इसलिए पुरानी साख काम आ सकती है, यदि बनी होगी तो!

- कमलेश पांडेय
वरिष्ठ पत्रकार व राजनीतिक विश्लेषक

(इस लेख में लेखक के अपने विचार हैं।)
All the updates here:

अन्य न्यूज़