Mumbai परिचालन Data Center क्षमता में 15वें स्थान पर पहुंचा: नाइट फ्रैंक

रियल एस्टेट परामर्श कंपनी नाइट फ्रैंक की रिपोर्ट के अनुसार मुंबई चालू डेटा सेंटर क्षमता के मामले में दुनिया में 15वें स्थान पर आ गया है। इस सूची में हैदराबाद 151 मेगावाट की परिचालन आईटी क्षमता के साथ 27वें स्थान पर है। वहीं विकासाधीन क्षमता के आधार पर मुंबई 11वें और हैदराबाद 19वें पायदान पर हैं।
नयी दिल्ली, छह अगस्त परिचालन में आ चुकी डेटा सेंटर क्षमता के मामले में मुंबई दुनिया में 15वें और हैदराबाद 27वें स्थान पर है। रियल एस्टेट क्षेत्र की परामर्श कंपनी नाइट फ्रैंक की रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई। नाइट फ्रैंक ने बृहस्पतिवार को जारी अपनी रिपोर्ट ‘नाइट फ्रैंक ग्लोबल डेटा सेंटर एटलस 2026’ में उत्तर अमेरिका, यूरोप, एशिया-प्रशांत, पश्चिम एशिया और अफ्रीका के 36 प्रमुख वैश्विक डेटा सेंटर बाजारों की तुलना की है।
रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई चालू हो चुकी डेटा सेंटर क्षमता के आधार पर 15वें और विकासाधीन क्षमता के आधार पर 11वें स्थान पर है। कंपनी ने कहा कि 774 मेगावाट की परिचालन सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) क्षमता और लगभग पांच गीगावाट की विकासाधीन क्षमता के साथ मुंबई भारत का प्रमुख डेटा सेंटर बाजार और एशिया-प्रशांत क्षेत्र के अग्रणी डिजिटल अवसंरचना केंद्रों में शामिल हो गया है। हैदराबाद 151 मेगावाट की परिचालन वाली आईटी क्षमता के साथ वैश्विक स्तर पर 27वें स्थान पर है, जबकि 2.2 गीगावाट से अधिक की विकासाधीन क्षमता के आधार पर उसका स्थान 19वां है।
रिपोर्ट में दो प्रमुख मानकों के आधार पर बाजारों का आकलन किया गया है। पहला, परिचालन में आ चुकी आईटी क्षमता, यानी वर्तमान में चालू डेटा सेंटर में स्थापित आईटी क्षमता, और दूसरा, विकासाधीन आईटी क्षमता, यानी निर्माणाधीन, स्वीकृत और शुरुआती विकास चरण की क्षमता। परिचालन में आ चुकी आईटी क्षमता के मामले में शीर्ष पांच स्थान उत्तर अमेरिका के केंद्रों के पास हैं।
इनमें एशबर्न पहले, कोलंबस दूसरे, डलास तीसरे, फीनिक्स चौथे और अटलांटा पांचवें स्थान पर हैं। तोक्यो छठे, लंदन सातवें, डबलिन आठवें, शिकॉगो नौवें और सिंगापुर 10वें स्थान पर है। नाइट फ्रैंक इंडिया के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक शिशिर बैजल ने कहा कि वैश्विक रैंकिंग में भारत की मौजूदगी दर्शाती है कि देश तेजी से रणनीतिक डिजिटल अवसंरचना केंद्र के रूप में उभरा है।
अन्य न्यूज़















