NITES ने Wipro के खिलाफ श्रम मंत्रालय में की शिकायत, 200 से ज्यादा युवाओं की जॉइनिंग में देरी

आईटी कर्मचारी संगठन नाइट्स ने विप्रो द्वारा भर्ती प्रक्रिया में चयनित 200 से अधिक युवा इंजीनियरों की जॉइनिंग में देरी करने पर केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मांडविया से शिकायत की है। संगठन ने मंत्रालय से इस मामले में हस्तक्षेप कर जॉइनिंग की निश्चित समयसीमा तय करने और प्रभावित उम्मीदवारों की स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। वहीं विप्रो ने स्पष्ट किया है कि वह अपनी कारोबारी जरूरतों के हिसाब से नए कर्मचारियों को नियुक्त करने के लिए प्रतिबद्ध है।
सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कर्मचारियों के संगठन नाइट्स ने विप्रो कंपनी में भर्ती प्रक्रिया के तहत चयनित 200 से अधिक छात्रों और युवा इंजीनियरों को नौकरी (जॉइनिंग) देने में देरी किए जाने का आरोप लगाते हुए श्रम एवं रोजगार मंत्रालय में शिकायत दर्ज कराई है। नासेंट इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी एम्प्लॉइज सीनेट (नाइट्स) ने बृहस्पतिवार को केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मांडविया को लिखे पत्र में कहा कि ‘एलीट हायरिंग 2025’ प्रक्रिया में देरी से प्रभावित छात्रों और युवा इंजीनियरों को गंभीर वित्तीय, पेशेवर और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। संगठन ने मंत्रालय से इस मामले को विप्रो से तत्काल उठाने और प्रभावित उम्मीदवारों की स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।
उसने नौकरी की पेशकश करने वाले पत्र एवं आशय पत्र (एलओआई) की वैधता की पुष्टि करने तथा ‘जॉइनिंग’ की निश्चित समयसीमा बताने का भी अनुरोध किया है। नाइट्स ने कहा, ‘‘यदि कंपनी किसी उम्मीदवार को नियुक्त नहीं करना चाहती है, तो उसे अनिश्चितता में रखने के बजाय संबंधित छात्र को अपने निर्णय और उसके कारणों की लिखित जानकारी दी जानी चाहिए।’’ मामले में टिप्पणी के लिए भेजे गए ईमेल के जवाब में विप्रो ने कहा कि वह अपनी कारोबारी जरूरतों के अनुरूप नए कर्मचारियों को नियुक्त करने के लिए प्रतिबद्ध है। कंपनी ने कहा कि वह उम्मीदवारों को आगे की गतिविधियों की जानकारी देती रहेगी।
कर्मचारी संगठन ने कहा कि प्रभावित छात्रों और युवा इंजीनियरों ने फरवरी, 2025 में विप्रो की कैंपस भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा लिया था और वे तकनीकी एवं कॉल आकलन में सफल रहे। साक्षात्कार में चयन के बाद उन्हें जुलाई, 2025 में ऑफर लेटर और अगस्त, 2025 में आशय पत्र मिले, जिन्हें उन्होंने तय समयसीमा में स्वीकार कर लिया। नाइट्स ने कहा कि दिसंबर, 2025 में उम्मीदवारों ने अपनी रुचि की फिर से पुष्टि की।
मार्च, 2026 में उन्होंने कोडिलिटी तकनीकी आकलन में हिस्सा लिया और उसे सफलतापूर्वक पूरा किया। उसी महीने उन्हें इसकी आधिकारिक पुष्टि भी मिली। उम्मीदवारों ने 26 मार्च, 2026 को पृष्ठभूमि सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कर ली थी।
इसमें उसी दिन पते के सत्यापन से जुड़ी समस्या का समाधान भी किया गया था। नाइट्स ने पत्र में कहा, ‘‘विप्रो की ओर से बताई गई सभी शर्तें पूरी करने के बावजूद इन छात्रों और युवा इंजीनियरों को अब तक नौकरी से जुड़ने की निश्चित तारीख नहीं मिली है।’’ संगठन ने कहा कि प्रभावित उम्मीदवारों ने पिछले कई महीनों में विप्रो के मानव संसाधन विभाग, सहायता केंद्रों और अन्य संबंधित माध्यमों से बार-बार संपर्क किया, लेकिन उनका कहना है कि उन्हें कोई ठोस जवाब नहीं मिला।
अन्य न्यूज़













