Nitin Gadkari ने राज्यों से की अपील, Bike Taxi के लिए निजी दोपहिया वाहनों को मिले मंजूरी

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने राज्यों से ऐप आधारित मंचों पर निजी दोपहिया वाहनों को सवारी सेवा देने की अनुमति देने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि इस कदम से युवाओं के लिए नए रोजगार पैदा होंगे और यातायात जाम व प्रदूषण घटेगा। अब तक केवल राजस्थान, हरियाणा और उत्तर प्रदेश ने ही इससे जुड़े दिशानिर्देशों को अपनाया है।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार को राज्यों से निजी मोटरसाइकिलों को ऐप आधारित एग्रीगेटर मंचों के जरिये यात्रियों को सवारी उपलब्ध कराने की अनुमति देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि बाइक टैक्सी और आपूर्ति सेवाएं भारतीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा कर सकती हैं। गडकरी ने 13वें राष्ट्रीय दिव्यांगता सम्मेलन (एनसीडी) को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की ओर से जुलाई में मोटर वाहन एग्रीगेटर दिशानिर्देश (एमवीएजी) 2025 जारी किए जाने के बाद अब तक केवल राजस्थान ने इन्हें पूरी तरह लागू किया है, जबकि हरियाणा और उत्तर प्रदेश ने आंशिक रूप से अपनाया है।

उन्होंने कहा, ‘‘ओला, उबर और रैपिडो जैसी ऐप आधारित सेवाएं भारतीय युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करा सकती हैं।’’ गडकरी ने कहा, ‘‘केवल तीन राज्यों ने अपने यहां सभी गैर-परिवहन (निजी) मोटरसाइकिलों को एग्रीगेटर मंचों के जरिये यात्रियों को सवारी उपलब्ध कराने की अनुमति दी है। मैं सभी राज्यों को ऐसा करने के लिए मनाने का प्रयास कर रहा हूं।’’ मोटर वाहन एग्रीगेटर दिशानिर्देश, 2025 के तहत राज्य सरकारों को निजी मोटरसाइकिलों को एग्रीगेटर मंचों के जरिये यात्रियों को सवारी उपलब्ध कराने की अनुमति देने का अधिकार दिया गया है। इन दिशानिर्देशों का उद्देश्य साझा परिवहन सेवाओं के लिए ऐसा नियामकीय ढांचा तैयार करना है जिसमें सुरक्षा और चालक कल्याण से जुड़े पहलुओं का ध्यान रखते हुए अपेक्षाकृत कम नियामकीय दखल हो।

इनमें निजी मोटरसाइकिलों के इस्तेमाल से यातायात बाधित होने और वाहनों से होने वाले प्रदूषण में कमी लाने, यात्रियों को किफायती परिवहन सुविधा देने तथा स्थानीय स्तर पर सामान की आपूर्ति और रोजगार के अवसर बढ़ाने की परिकल्पना की गई है। मंत्रालय ने 2020 में मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 93 के तहत पहली बार मोटर वाहन एग्रीगेटर दिशानिर्देश जारी किए थे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़