Share Market में गिरावट के बीच Rupee की दमदार वापसी, Dollar के मुकाबले 16 पैसे मजबूत

Rupee Appreciates
AI Generated

मंगलवार को शुरुआती कारोबार में भारतीय रुपया डॉलर के मुकाबले 16 पैसे की मजबूती के साथ 95.03 पर पहुंच गया, जिसका मुख्य कारण मजबूत घरेलू आर्थिक स्थिति रही। हालांकि, विदेशी निवेशकों की बिकवाली और भू-राजनीतिक तनाव के बीच शेयर बाजार में सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट देखी गई।

रुपया मंगलवार को शुरुआती कारोबार में 16 पैसे मजबूत होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.03 पर पहुंच गया। भारत की मजबूत घरेलू आर्थिक स्थिति और जारी भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के बीच संतुलन बनने से रुपये को समर्थन मिला। विदेशी मुद्रा कारोबारियों का कहना है कि पश्चिम एशिया की अनिश्चित स्थिति हालांकि अब भी वित्तीय बाजारों और ऊर्जा कीमतों पर दबाव बनाए हुए है। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.16 प्रति डॉलर पर खुला।

शुरुआती कारोबार में चढ़कर 95.03 प्रति डॉलर तक पहुंच गया जो पिछले बंद भाव से 16 पैसे अधिक है। रुपया सोमवार को 34 पैसे टूटकर 95.19 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.01 प्रतिशत की गिरावट के साथ 99.19 पर रहा। घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 296.19 अंक फिसलकर 73,971.30 अंक पर जबकि निफ्टी 103.30 अंक टूटकर 23,272.25 अंक पर पहुंच गया।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.59 प्रतिशत की गिरावट के साथ 94.42 डॉलर प्रति बैरल रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) सोमवार को शुद्ध बिकवाल रहे थे और उन्होंने 3,911.68 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़