विदेशी पूंजी प्रवाह से US Dollar के मुकाबले रुपया 93.70 के स्तर पर मजबूत

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में बुधवार को शुरुआती कारोबार के दौरान घरेलू मुद्रा अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 7 पैसे सुधरकर 93.70 पर पहुंच गई। विदेशी निवेशकों की वापसी, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और अनुकूल भू-राजनीतिक हालात से रुपये को मजबूती मिली है। सोमवार को रुपया 21 पैसे चढ़कर 93.77 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
रुपया बुधवार को शुरुआती कारोबार में सात पैसे की बढ़त के साथ 93.70 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। विदेशी पूंजी के निरंतर प्रवाह, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और भू-राजनीतिक माहौल में सुधार से घरेलू मुद्रा को समर्थन मिला। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि कई महीनों तक सतर्क भागीदारी और भारी निकासी के बाद विदेशी निवेशक धीरे-धीरे घरेलू बाजार में लौट रहे हैं।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 93.71 प्रति डॉलर पर खुला। फिर डॉलर के मुकाबले 93.70 के स्तर पर पहुंच गया जो सोमवार को बंद भाव के मुकाबले सात पैसे की बढ़त दर्शाता है। ‘दिवाली बलिप्रतिपदा’ के अवसर पर मंगलवार को घरेलू शेयर और मुद्रा बाजार बंद रहे थे।
रुपया सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 21 पैसे चढ़कर 93.77 पर बंद हुआ था। इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.03 प्रतिशत की बढ़त के साथ 102.26 पर रहा। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का भाव वायदा कारोबार में 1.01 प्रतिशत बढ़कर 92.41 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को शुद्ध रूप से 7,212.22 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे।
अन्य न्यूज़














