विदेशी निवेशकों के लिए SEBI की नई तैयारी, FPI पंजीकरण अब 5 दिनों में होगा पूरा

Sebi Aims
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

एसोचैम के 17वें पूंजी बाजार सम्मेलन में सेबी प्रमुख तुहिन कांत पांडेय ने विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों की पंजीकरण प्रक्रिया तेज करने की घोषणा की। डिजिटल सिस्टम के जरिए इसे महीनों के बजाय महज पांच कार्यदिवसों में समेटा जाएगा। इसके अलावा अतिरिक्त खुलासा ढांचे को खत्म करने और दोहरे खुलासों को रोकने की भी तैयारी है।

सेबी के चेयरमैन तुहिन कांत पांडेय ने शुक्रवार को कहा कि बाजार नियामक का लक्ष्य डिजिटल कार्यप्रवाह और प्रणाली एकीकरण के माध्यम से विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) के पंजीकरण में लगने वाले समय को कई महीनों से घटाकर सिर्फ पांच कार्यदिवस करना है। उद्योग मंडल एसोचैम द्वारा आयोजित 17वें पूंजी बाजार सम्मेलन में पांडेय ने कहा कि नियामक ने एफपीआई के लिए अतिरिक्त खुलासा ढांचे को समाप्त करने का भी प्रस्ताव दिया है, जिससे भारत का नियामकीय रूपरेखा वैश्विक मानकों के और करीब आ जाएगा। पांडेय ने कहा, डिजिटल कार्यप्रवाह और प्रणाली एकीकरण के जरिये हमारा लक्ष्य एफपीआई के पंजीकरण समय को महीनों से घटाकर महज पांच कार्यदिवस तक लाना है।

पिछले कुछ महीनों में सेबी ने एफपीआई के लिए अनुपालन के बोझ को कम करने को लेकर कई कदम उठाए हैं। स्वागत-एफआई भरोसेमंद विदेशी निवेशकों के लिए एकल खिड़की पहल है, जिसके तहत लगभग 740 एफपीआई पंजीकृत हो चुके हैं। इनकी कुल एफपीआई परिसंपत्तियों में लगभग 17 प्रतिशत हिस्सेदारी है।

उन्होंने कहा, स्वागत-एफआई भरोसेमंद और कम जोखिम वाले एफपीआई को एकल-खिड़की पहुंच, सरल अनुपालन और अपने ग्राहक को जानो (केवाईसी) की समीक्षा के लिए लंबी अवधि देता है। पांडेय ने कहा कि सेबी कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय (एमसीए) के पास दाखिल किए जाने वाले विवरणों में दोहरे खुलासों को समाप्त करने के लिए सूचीबद्धता दायित्व और खुलासा आवश्यकताएं (एलओडीआर) रूपरेखा की व्यापक समीक्षा कर रहा है। नियामक एक ही अनुपालन चूक के लिए विभिन्न शेयर बाजारों द्वारा लगाए जाने वाले अलग-अलग जुर्माने के स्थान पर एकल जुर्माना व्यवस्था लागू करने की भी योजना बना रहा है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़