SEBI ने Sagar Defence और Encube Ethicals समेत चार कंपनियों के IPO को दी हरी झंडी

पूंजी बाजार नियामक सेबी ने चार कंपनियों को आरंभिक सार्वजनिक निर्गम लाने की औपचारिक मंजूरी प्रदान कर दी है। इनमें सागर डिफेंस इंजीनियरिंग, एनक्यूब एथिकल्स, अर्जुन ज्वैलर्स और आईएफएल फाइनेंस शामिल हैं। इन सभी कंपनियों के शेयर बीएसई तथा एनएसई पर सूचीबद्ध किए जाएंगे।
नयी दिल्ली, छह नवंबर सागर डिफेंस इंजीनियरिंग लिमिटेड और विशेष दवा बनाने वाली कंपनी एनक्यूब एथिकल्स समेत चार कंपनियों को भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) से आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) लाने की मंजूरी मिल गई है। सेबी के शुक्रवार को कहा कि, आभूषण खुदरा विक्रेता अर्जुन ज्वैलर्स और स्वर्ण ऋण पर केंद्रित गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (एनबीएफसी) आईएफएल फाइनेंस को भी बाजार नियामक की मंजूरी मिली है। इन चारों कंपनियों ने जुलाई से एक अगस्त के बीच अपने शुरुआती दस्तावेज जमा किए थे।
इन्हें 21 अक्टूबर से चार नवंबर के बीच सेबी की टिप्पणियां मिलीं। सागर डिफेंस इंजीनियरिंग को चार नवंबर को सेबी की टिप्पणियां मिलीं। कंपनी ने गोपनीय मार्ग के जरिये आईपीओ के मसौदा दस्तावेज जमा किए थे।
मामले से परिचित लोगों के मुताबिक, कंपनी के आईपीओ का आकार करीब 3,000 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है। एनक्यूब एथिकल्स का प्रस्तावित 3,000 करोड़ रुपये का आईपीओ पूरी तरह बिक्री पेशकश (ओएफएस) होगा। इसके तहत प्रवर्तक मेहुल मधुसूदन शाह और मौजूदा शेयरधारक फ्रंटियर इन्वेस्टमेंट होल्डिंग्स पीटीई लिमिटेड अपनी हिस्सेदारी बेचेंगे।
यह निर्गम पूरी तरह ओएफएस होने के कारण कंपनी को इससे कोई राशि नहीं मिलेगी। पूरी रकम शेयर बेचने वाले शेयरधारकों को मिलेगी। सेबी ने चार नवंबर को अर्जुन ज्वैलर्स के आईपीओ को भी मंजूरी दी।
कंपनी के प्रस्तावित निर्गम में 200 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएंगे। इसमें ओएफएस का कोई हिस्सा नहीं है। वहीं, आईएफएल फाइनेंस के प्रस्तावित आईपीओ में 3.55 करोड़ तक नए शेयर जारी किए जाएंगे और मौजूदा शेयरधारक 30 लाख तक शेयरों की बिक्री पेशकश करेंगे।
चारों कंपनियों के शेयर बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध होंगे।
अन्य न्यूज़














