SEBI पूंजी बाजार में AI के जिम्मेदार उपयोग के लिए जल्द लाएगा विस्तृत गाइडलाइंस

भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड के चेयरमैन तुहिन कांत पांडेय ने शनिवार को नई दिल्ली में व्यापार मेले के दौरान बताया कि पूंजी बाजार में कृत्रिम मेधा के इस्तेमाल को लेकर जल्द ही नए नियम जारी होंगे। इन दिशानिर्देशों का मकसद तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने के साथ निवेशकों के हितों, पारदर्शिता और वित्तीय स्थिरता की रक्षा करना है। बाजार की विनियमित संस्थाओं को तकनीक के उपयोग की जानकारी देने के साथ मानवीय निगरानी भी बनाए रखनी होगी।
भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) पूंजी बाजार में कृत्रिम मेधा (एआई) के जिम्मेदार इस्तेमाल को लेकर जल्द ही विस्तृत दिशानिर्देश जारी करेगा। सेबी के चेयरमैन तुहिन कांत पांडेय ने कहा कि इन दिशानिर्देशों का मुख्य उद्देश्य प्रौद्योगिकी नवोन्मेषण को बढ़ावा देने के साथ निवेशकों के हितों, बाजार की पारदर्शिता और वित्तीय स्थिरता की रक्षा करना है। पांडेय ने शनिवार को भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ) के 45वें संस्करण में सेबी के मंडप का उद्घाटन करने के बाद कहा कि एआई के इस्तेमाल के लिए उचित सुरक्षा उपाय और जवाबदेही की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
इसके तहत बाजार से जुड़ी विनियमित इकाइयों को एआई के इस्तेमाल के बारे में आवश्यक जानकारी देनी होगी और उसके उपयोग से जुड़े निर्णयों की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण फैसलों में मानवीय निगरानी बनाए रखना जरूरी होगा, ताकि केवल कृत्रिम मेधा पर निर्भर होकर निर्णय न लिए जाएं। गौरतलब है कि सेबी ने जून, 2025 में प्रतिभूति बाजार में कृत्रिम मेधा और मशीन लर्निंग के जिम्मेदार इस्तेमाल को लेकर परामर्श पत्र जारी किया था।
इसमें इन प्रौद्योगिकी के लाभ को बढ़ाने और उनसे जुड़े संभावित जोखिमों को कम करने के लिए मार्गदर्शक सिद्धांत प्रस्तावित किए गए थे। सेबी प्रमुख ने कहा कि नियामक वित्तीय संस्थानों, क्रिप्टोकरेंसी मंच और सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी से जुड़े बढ़ते साइबर खतरों को देखते हुए अपनी साइबर सुरक्षा व्यवस्था को लगातार मजबूत कर रहा है। इसके लिए इस साल मई में एक व्यवस्थित घटना-प्रतिक्रिया व्यवस्था भी शुरू की गई है, जो वित्तीय स्थिरता बोर्ड के निर्धारित रिपोर्टिंग प्रारूप के अनुरूप है।
क्वांटम कंप्यूटिंग से पैदा होने वाले संभावित खतरों पर उन्होंने कहा कि सेबी मौजूदा क्रिप्टोग्राफिक (कूटलेखन) प्रणालियों की सूची तैयार कर रहा है और उन क्षेत्रों की पहचान कर रहा है, जहां इनका इस्तेमाल हो रहा है। इसका उद्देश्य भविष्य में क्वांटम कंप्यूटिंग के कारण पैदा होने वाली सुरक्षा संबंधी कमजोरियों का आकलन करना है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2032 से 2035 के बीच ऐसे जोखिम अधिक गंभीर हो सकते हैं, इसलिए तैयारियां पहले ही पूरी करना जरूरी है।
पांडेय ने बताया कि सेबी ने बाजार की निगरानी को मजबूत बनाने के लिए सुदर्शन सहित कई प्रौद्योगिकी उपकरण विकसित किए हैं। सुदर्शन का प्रदर्शन अंतरराष्ट्रीय नियामक मंचों पर भी किया जा रहा है। नियामक अंतरराष्ट्रीय पहल और निगरानी संबंधी आधुनिक उपकरणों के माध्यम से अपनी कृत्रिम मेधा संबंधी क्षमताओं को भी बढ़ा रहा है।
उन्होंने कहा कि सेबी यह सुनिश्चित करने के लिए नियामकीय व्यवस्था की समीक्षा कर रहा है कि बाजार में भाग लेने वाली इकाइयों द्वारा कृत्रिम मेधा के इस्तेमाल से निवेशकों की सुरक्षा, बाजार की स्थिरता और निष्पक्षता प्रभावित न हो। सेबी प्रमुख ने स्टार्टअप और सूचीबद्धता ढांचे पर इवोवेटर्स ग्रोथ प्लेटफॉर्म (आईजीपी) को अधिक आकर्षक बनाने की योजना का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इस मंच की समीक्षा के लिए एक कार्यदल गठित किया गया है।
हालांकि, बजट से संबंधित चर्चाओं के बारे में उन्होंने कोई जानकारी साझा करने से इनकार कर दिया।
अन्य न्यूज़














