Sensex 456 अंक गिरकर 78,499 पर बंद हुआ, Brent Crude के असर से Nifty भी फिसला

Prabhasakshi Image

वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने और वित्तीय कंपनियों के शेयरों में बिकवाली से शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार में गिरावट दर्ज की गई। बीएसई का सेंसेक्स 455.59 अंक फिसलकर 78,499.17 पर और एनएसई का निफ्टी 65.35 अंक टूटकर 24,570.65 के स्तर पर बंद हुआ। हालांकि, इस पूरे कारोबारी सप्ताह के दौरान दोनों मुख्य सूचकांकों ने बढ़त के साथ कारोबार समाप्त किया है।

मुंबई, सात अगस्त कच्चे तेल की वैश्विक कीमतें 80 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर बने रहने और बैंकों एवं वित्तीय शेयरों में बिकवाली के दबाव के बीच शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजार में दो दिनों की तेजी थम गयी। सेंसेक्स 456 अंक टूट गया जबकि निफ्टी में 65 अंकों की गिरावट रही। बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 455.59 अंक यानी 0.58 प्रतिशत टूटकर 78,499.17 अंक पर बंद हुआ।

कारोबार के दौरान एक समय यह 577.69 अंक यानी 0.73 प्रतिशत तक लुढ़ककर 78,377.07 अंक तक आ गया था। एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी भी 65.35 अंक यानी 0.27 प्रतिशत गिरकर 24,570.65 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 113.25 अंक यानी 0.45 प्रतिशत टूटकर 24,522.75 अंक तक आ गया था।

सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में से बजाज फाइनेंस में सर्वाधिक 5.90 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई, जबकि बजाज फिनसर्व 4.18 प्रतिशत के नुकसान में रहा। इसके अलावा आईसीआईसीआई बैंक, ट्रेंट, एक्सिस बैंक और एशियन पेंट्स भी नुकसान में रहे। दूसरी तरफ, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) और टेक महिंद्रा के शेयरों में बढ़त दर्ज की गई।

ऑनलाइन ट्रेडिंग मंच एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी पोनमुडी आर. ने कहा, “होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर अनिश्चितता और वित्तीय शेयरों में कमजोरी के कारण बाजार पर दबाव बना रहा। हालांकि कंपनियों के तिमाही नतीजे अपेक्षाकृत सहायक रहे।” व्यापक बाजार में छोटी कंपनियों का बीएसई स्मालकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.20 प्रतिशत की बढ़त में रहा जबकि मझोली कंपनियों का मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.19 प्रतिशत चढ़कर बंद हुआ। क्षेत्रवार सूचकांकों में वित्तीय सेवा खंड में 1.33 प्रतिशत की गिरावट रही जबकि निजी बैंक सूचकांक में 1.04 प्रतिशत, टिकाऊ उपभोक्ता खंड में 0.90 प्रतिशत और आवासीय वित्त खंड में 0.81 प्रतिशत की गिरावट रही।

वहीं, फोकस आईटी खंड 1.44 प्रतिशत और वाहन खंड 1.33 प्रतिशत चढ़ गया। इस कारोबारी सप्ताह में सेंसेक्स ने कुल 404.53 अंक यानी 0.51 प्रतिशत की तेजी दर्ज की जबकि निफ्टी में 187.05 अंक यानी 0.76 प्रतिशत की बढ़त देखी गई। पूरे सप्ताह में वायदा एवं विकल्प (एफएंडओ) वाले शेयरों के लिए नई नीलामी व्यवस्था लागू होने के बाद दोनों प्रमुख सूचकांकों में अलग-अलग रुख देखने को मिला।

शेयर बाजारों ने इस सोमवार से समापन मूल्य तय करने के लिए नकद इक्विटी खंड में समापन नीलामी सत्र शुरू किया है, जो मूल्य निर्धारण प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने का एक प्रयास है। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड शुक्रवार को 0.35 प्रतिशत गिरकर 82.20 डॉलर प्रति बैरल पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को 17.86 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की।

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, “पश्चिम एशिया में स्थिति को लेकर अनिश्चितता बनी रहने से कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव बना हुआ है, जिससे निवेशकों की धारणा सतर्क बनी हुई है।” एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की गिरावट में रहे, जबकि चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त के साथ बंद हुए। यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर कारोबार में तेजी का रुख था। बाजार तेजी के साथ कारोबार कर रहे थे।

अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे। इससे पहले बृहस्पतिवार को सेंसेक्स 373.76 अंक चढ़कर 78,954.76 अंक और निफ्टी 11.35 अंक की मामूली बढ़त के साथ 24,636 अंक पर रहा था।

All the updates here:

अन्य न्यूज़