Delhi Cabinet का फैसला: Transgender समुदाय को PM-JAY में मिलेगा 10 लाख का मुफ्त इलाज

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

दिल्ली सरकार ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई बैठक में तृतीय लिंग के पात्र सदस्यों और उनके परिजनों को स्वास्थ्य सुरक्षा देने का फैसला किया। इस कदम से लगभग 5,656 लोगों को सूचीबद्ध अस्पतालों में 1,961 पैकेजों के तहत कैशलेस इलाज की सुविधा मिल सकेगी। इस व्यवस्था में केंद्र के पांच लाख रुपये के अलावा राज्य सरकार भी अतिरिक्त पांच लाख रुपये वहन करेगी।

दिल्ली मंत्रिमंडल ने तृतीय लिंग के पात्र सदस्यों और उनके परिवारों को ‘आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना’ (पीमए-जेएवाई) के तहत सालाना 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा देने के प्रस्ताव पर मंगलवार को मुहर लगा दी। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में यह निर्णय लिया गया। इस योजना के तहत, लाभार्थी देश भर के सूचीबद्ध अस्पतालों में 27 चिकित्सा विशेषज्ञताओं से जुड़े 1,961 उपचार पैकेज के अंतर्गत नकद रहित इलाज पाने के हकदार होंगे।

बयान के मुताबिक प्रत्येक परिवार को सालाना 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा मिलेगा जिसमें आयुष्मान भारत योजना के तहत केंद्र सरकार द्वारा दिए जाने वाले पांच लाख रुपये और दिल्ली सरकार की ओर से दिये जाने वाले अतिरिक्त पांच लाख रुपये शामिल होंगे। बयान में कहा गया है कि दिल्ली में तृतीय लिंग के लगभग 5,656 व्यक्तियों को इस पहल से लाभ मिलने की उम्मीद है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़