Shapoorji Pallonji Real Estate खोपोली में बनाएगी 900 एकड़ की टाउनशिप, 6000 करोड़ राजस्व की उम्मीद

मुंबई-पुणे गलियारे के खोपोली में शापूरजी पालोनजी रियल एस्टेट 900 एकड़ से अधिक क्षेत्र में आवासीय भूखंड परियोजना विकसित करने जा रही है। कंपनी को इस टाउनशिप से करीब 6,000 करोड़ रुपये का राजस्व मिलने का अनुमान है। पहले चरण में 200 एकड़ में निर्माण के लिए नियामकीय मंजूरी मिल चुकी है, जिसे अगले तीन वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य है।
शापूरजी पालोनजी रियल एस्टेट (एसपीआरई) आवासीय भूखंड की मांग को लेकर बेहद आशावादी है। कंपनी मुंबई-पुणे गलियारे में 900 एकड़ में एक टाउनशिप विकसित करेगी, जिससे करीब 6,000 करोड़ रुपये का राजस्व मिलने की उम्मीद है। कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
शापूरजी पालोनजी समूह की रियल एस्टेट इकाई एसपीआरई 2025 के अंत में पुणे में 105 एकड़ की पहली परियोजना के साथ आवासीय भूखंड कारोबार में उतरी थी। एसपीआरई के प्रबंध निदेशक और समूह प्रवर्तक कार्यालय के निदेशक वेंकटेश गोपालकृष्णन ने पीटीआई-भाषा को दिए साक्षात्कार में कहा कि पुणे की पहली भूखंड विकास परियोजना को अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। इसके बाद कंपनी ने इस कारोबार का बड़े स्तर पर विस्तार करने का फैसला किया है।
उन्होंने कहा कि दूसरा घर बनाने के लिए भूखंड की काफी मांग है। कंपनी मुंबई-पुणे गलियारे में अपनी बड़ी जमीन का इस्तेमाल आवासीय भूखंड की परियोजनाएं विकसित करने के लिए करेगी। गोपालकृष्णन ने कहा, ‘‘हम अब 900 एकड़ से अधिक क्षेत्र में अपनी दूसरी परियोजना शुरू कर रहे हैं।
यह मुंबई और पुणे के पास खोपोली में स्थित है। यह पहाड़ों के बीच है और यहां कई जलाशय हैं।’’ कंपनी इस 900 एकड़ की टाउनशिप को अलग-अलग चरणों में विकसित करेगी। इसमें स्वास्थ्य और सेहत सहित विभिन्न विषयों पर आधारित सुविधाएं होंगी।
एसपीआरई को पहले चरण में 200 एकड़ में परियोजना शुरू करने के लिए नियामकीय मंजूरी मिल गई है। कंपनी संभावित ग्राहकों से रुचि पत्र आमंत्रित कर रही है। गोपालकृष्णन ने कहा, ‘‘900 एकड़ की इस टाउनशिप से करीब 6,000 करोड़ रुपये का राजस्व मिलने की संभावना है।’’ उन्होंने बताया कि पहले चरण में कंपनी 50 प्रतिशत भूखंड एक करोड़ रुपये से कम कीमत वाले वर्ग में बेचेगी।
करीब 25 प्रतिशत भूखंड की कीमत एक से दो करोड़ रुपये के बीच होगी, जबकि बाकी भूखंड दो करोड़ रुपये से अधिक कीमत के होंगे। एसपीआरई अगले तीन वर्षों में 200 एकड़ में विकसित होने वाले पहले चरण को पूरा करने का लक्ष्य लेकर चल रही है।
अन्य न्यूज़














