Thomas Cook India का रिजॉर्ट कारोबार अलग करने की योजना FY28 मध्य तक पूरी होने की उम्मीद

थॉमस कुक इंडिया ने अपने रिजॉर्ट और रिजॉर्ट-प्रबंधन कारोबार को अलग कर स्टर्लिंग हॉलिडे में मिलाने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया है। एनसीएलटी की मुंबई पीठ के समक्ष आवेदन दाखिल कर दिया गया है और मंजूरी मिलने के बाद यह वित्त वर्ष 2027-28 के मध्य तक प्रभावी होगी। कंपनी कारोबार के विस्तार के लिए रणनीतिक साझेदारियों और अधिग्रहण की संभावनाएं भी तलाश रही है।
थॉमस कुक (इंडिया) लिमिटेड को अपने रिजॉर्ट और रिजॉर्ट-प्रबंधन कारोबार को अलग कर स्टर्लिंग हॉलिडे रिजॉर्ट्स में मिलाने की प्रस्तावित प्रक्रिया अक्टूबर, 2027 तक पूरी होने की उम्मीद है। कंपनी के एक शीर्ष अधिकारी ने यह जानकारी दी। थॉमस कुक (इंडिया) लिमिटेड के प्रबंध निदेशक (एमडी) और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) महेश अय्यर ने पीटीआई-भाषा के साथ साक्षात्कार में कहा कि कंपनी को वित्त वर्ष 2027-28 के मध्य तक इस योजना के प्रभावी होने की उम्मीद है।
अय्यर ने बताया, ‘‘व्यवस्था की समग्र योजना के संबंध में राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) की मुंबई पीठ के समक्ष आवेदन दाखिल कर दिया गया है। इसके अनुसार, हमें उम्मीद है कि यह योजना वित्त वर्ष 2027-28 के मध्य तक प्रभावी हो जाएगी। हालांकि, यह आवश्यक नियामकीय और शेयरधारकों की मंजूरियों पर निर्भर करेगा।’’ मार्च में थॉमस कुक (इंडिया) लिमिटेड (टीसीआईएल) के निदेशक मंडल ने कंपनी के रिजॉर्ट और रिजॉर्ट प्रबंधन कारोबार को अलग कर स्टर्लिंग हॉलिडे रिजॉर्ट्स लिमिटेड (एसएचआरएल) में मिलाने और इसके बाद टीसीआईएल के पूंजी पुनर्गठन के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी।
अय्यर ने कहा, ‘‘हम ऐसी रणनीतिक साझेदारियों और अधिग्रहण की संभावनाएं तलाशने के लिए तैयार हैं जो हमारी क्षमताओं को मजबूत कर सकें और हमारे कारोबार में वृद्धि को गति दे सकें। विशेष रूप से, हम प्रौद्योगिकी आधारित ऐसे मंचों के साथ सहयोग करने या उनमें निवेश करने में काफी संभावनाएं देखते हैं, जो अवकाश यात्रा, कॉरपोरेट यात्रा और विदेशी मुद्रा विनिमय के हमारे मौजूदा तंत्र के पूरक बन सकें।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि, हम अपने मौजूदा कारोबार के दम पर स्वाभाविक रूप से आगे बढ़ना जारी रखेंगे, लेकिन साझेदारियों और अधिग्रहण से उभरती क्षमताओं तक पहुंच तेज करने में मदद मिल सकती है।’’
अन्य न्यूज़














