Share Market में लगातार दूसरे दिन तेजी, Sensex 274 अंक बढ़कर 77,928 पर बंद

स्थानीय शेयर बाजार में बृहस्पतिवार को लगातार दूसरे दिन तेजी रही और बीएसई सेंसेक्स 274 अंक की बढ़त के साथ 77,928.15 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 67 अंक बढ़कर 24,317.15 अंक पर पहुंच गया। रिलायंस इंडस्ट्रीज और एचडीएफसी बैंक जैसे प्रमुख शेयरों में लिवाली तथा विदेशी पूंजी के प्रवाह से बाजार में मजबूती आई।
स्थानीय शेयर बाजार में बृहस्पतिवार को लगातार दूसरे दिन तेजी रही और दोनों मानक सूचकांक लाभ में रहे। रिलायंस इंडस्ट्रीज और एचडीएफसी बैंक जैसी प्रमुख कंपनियों के शेयरों में लिवाली और विदेशी पूंजी के प्रवाह से बीएसई सेंसेक्स 274 अंक चढ़ा, जबकि एनएसई निफ्टी में 67 अंक की तेजी रही। उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बाद अंतिम समय में लिवाली से तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 273.55 अंक यानी 0.35 प्रतिशत की बढ़त के साथ 77,928.15 अंक पर बंद हुआ।
कारोबार के दौरान सेंसेक्स 78,007.09 अंक के उच्च स्तर तक गया और 77,440.91 अंक के निचले स्तर तक आया। इस दौरान इसमें 566.18 अंक का उतार-चढ़ाव आया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला निफ्टी भी 66.95 अंक यानी 0.28 प्रतिशत बढ़कर 24,317.15 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स में शामिल शेयरों में मारुति सुजुकी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारतीय स्टेट बैंक, एचडीएफसी बैंक और पावर ग्रिड के शेयर प्रमुख रूप से लाभ में रहे। वहीं अदाणी पोर्ट्स, इंटरग्लोब एविएशन, बजाज फिनसर्व और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयर नुकसान में रहे। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 2,981.87 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे।
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दर में कोई बदलाव नहीं किए जाने का फैसला पहले से ही अपेक्षित था, लेकिन महंगाई पर नियंत्रण को लेकर उसका सख्त रुख बरकरार रहा। अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल में तेज वृद्धि से निकट भविष्य में ब्याज दरें बढ़ने की आशंका मजबूत हुई, जिससे वैश्विक निवेशकों में सतर्कता बनी रही। वहीं पश्चिम एशिया में तनाव के बीच कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ती अस्थिरता ने भी वैश्विक अनिश्चितता बढ़ाई।’’ उन्होंने कहा कि इन वैश्विक चुनौतियों के बावजूद मजबूत घरेलू आर्थिक बुनियाद के कारण स्थानीय शेयर बाजार में तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिला।
नायर ने कहा कि हालांकि विदेशी निवेशकों की मजबूत लिवाली, रुपये में मजबूती और वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के उत्साहजनक नतीजों से निवेशकों का भरोसा बढ़ा और उन्होंने गिरावट को चुनिंदा खरीदारी के अवसर के रूप में देखा। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.45 प्रतिशत बढ़कर 91.15 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट गिरावट के साथ बंद हुए, जबकि जापान का निक्की और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त में रहे।
यूरोप के प्रमुख बाजार दोपहर के कारोबार में बढ़त में थे। अमेरिकी बाजार बुधवार को भारी गिरावट के साथ बंद हुए थे। सेंसेक्स बुधवार को 888.68 अंक यानी 1.16 प्रतिशत चढ़कर 77,654.60 अंक और निफ्टी 264.85 अंक यानी 1.10 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,250.20 अंक पर बंद हुआ था।
अन्य न्यूज़















