Kulgam Encounter: लश्कर कमांडर लतीफ भट के खिलाफ कार्रवाई से पहले बचाई गईं 25 लड़कियां

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षा बलों ने बुधवार को एक मस्जिद में छिपे लश्कर-ए-तैयबा के शीर्ष कमांडर मोहम्मद लतीफ भट के खिलाफ अंतिम कार्रवाई से पहले पास के मदरसे से 25 लड़कियों और दो शिक्षकों को सुरक्षित निकाला। सेना की नौंवी राष्ट्रीय राइफल्स के जवानों ने भारी गोलीबारी के बीच मदरसे में प्रवेश कर सभी 27 नागरिकों को बाहर निकाला। इसके बाद धार्मिक स्थल की सुरक्षा का ध्यान रखते हुए आंसू गैस के गोले दागकर अभियान को आगे बढ़ाया गया।

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षा कर्मियों को बुधवार को मस्जिद के उस हिस्से की सटीक जानकारी मिल गई थी जहां पर लश्कर-ए-तैयबा का शीर्ष कमांडर मोहम्मद लतीफ भट छुपा हुआ था और वे आखिरी वार करने की तैयारी कर रहे थे तभी बगल में स्थित दारुल उलूम में 25 लड़कियां और दो शिक्षकों के मौजूद होने की जानकारी मिली और उन्होंने पहले इन बच्चियों और शिक्षकों को बचाने का फैसला किया। अधिकारियों ने बताया कि मस्जिद से हो रही भारी गोलीबारी के बीच, सेना की नौंवी राष्ट्रीय राइफल्स के एक अधिकारी ने स्वेच्छा से आगे बढ़कर अपने साथी के साथ बगल के मदरसे में प्रवेश किया और वहां मौजूद सभी 27 असैन्य नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उन्होंने बताया कि असैन्य नागरिकों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के बाद, नौंवी राष्ट्रीय राइफल्स और जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी)ने अंतिम निर्णायक कार्रवाई शुरू की।

अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षाकर्मियों ने मस्जिद के भीतर आंसू गैस के गोले दागे ताकि आतंकवादी बाहर निकल आए। साथ ही, उन्होंने चारों तरफ से घेराबंदी भी कड़ी रखी थी ताकि वह भाग न सके। इस दौरान उन्होंने बहुत संयम बरता, ताकि धार्मिक स्थल को कोई नुकसान न पहुंचे।

सेना के उत्तरी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा ने अभियान के सफलतापूर्व संपन्न होने के बाद दक्षिण कश्मीर में जवानों से मुलाकात की। अधिकारी ने अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि खुफिया जानकारी मिलने के बाद एक तलाशी दल स्थानीय लोगों के साथ मस्जिद के भीतर गया और वहां सबसे ऊपरी मंजिल पर एक कमरा अंदर से बंद पाया। उन्होंने बताया कि जब कमरे में मौजूद व्यक्ति को बाहर आने को कहा गया तो उसने गोलीबारी शुरू कर दी, जिससे यह पुष्टि हो गई कि 15 लाख रुपये का इनाम घोषित अपराधी भट उसी में मौजूद है।

अधिकारी ने बताया कि दक्षिण कश्मीर में सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने यह सुनिश्चित करने का फैसला किया था कि भट इस बार घेराबंदी से बचकर न भाग पाए जैसा वह पहले कर चुका था। वह आठ जुलाई को शोपियां में हुई एक मुठभेड़ में बचकर निकल गया था, जिसमें जाकिर नाम का एक और आतंकवादी मारा गया था। भट और उसके साथी उमर नासिर डार द्वारा 11 नवंबर को कुलगाम में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की एक चौकी पर किये गए हमले में तीन जवान घायल हो गए थे।

इसके बाद सुरक्षा बलों ने कुलगाम और उससे सटे शोपियां तथा अनंतनाग जिलों में बड़े पैमाने पर घेराबंदी और तलाशी अभियान चलाया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़