देश के सात प्रमुख शहरों में शॉपिंग मॉल में खुदरा दुकानों की नई आपूर्ति 57 प्रतिशत घटी: एनारॉक रिपोर्ट

Prabhasakshi Image

रियल एस्टेट सलाहकार एनारॉक की रिपोर्ट के अनुसार, निर्माण गतिविधियों में देरी के कारण देश के सात प्रमुख शहरों में जनवरी-जून छमाही के दौरान शॉपिंग मॉल में खुदरा दुकानों की नई आपूर्ति 57 प्रतिशत घटकर नौ लाख वर्ग फुट रह गई है। रिपोर्ट के अनुसार, प्रमुख शहरों में शॉपिंग मॉल के लिए उपयुक्त जमीन की सीमित उपलब्धता और बढ़ती कीमतें नई परियोजनाओं को मुश्किल बना रही हैं। वहीं मॉल में खाली दुकानों की दर घटकर 6.7 प्रतिशत रह गई है।

नयी दिल्ली, 27 जुलाई निर्माण गतिविधियों में देरी के कारण देश के सात प्रमुख शहरों में जनवरी-जून छमाही के दौरान शॉपिंग मॉल में खुदरा दुकानों की नई आपूर्ति 57 प्रतिशत घटकर नौ लाख वर्ग फुट रह गई। सोमवार को एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई। रियल एस्टेट सलाहकार एनारॉक की रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2026 की पहली छमाही में मॉल में खुदरा दुकानों का कुल पट्टा करीब 41 लाख वर्ग फुट रहा, जबकि नई आपूर्ति केवल नौ लाख वर्ग फुट रही।

इस अध्ययन में शामिल सात प्रमुख शहरों में मुंबई, दिल्ली-एनसीआर, बेंगलुरु, पुणे, हैदराबाद, चेन्नई और कोलकाता शामिल हैं। एनारॉक ग्रुप के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (खुदरा और यूरोप, पश्चिम एशिया एवं अफ्रीका) अनुज केजरीवाल ने कहा, “आपूर्ति की समस्या लगातार बढ़ रही है। पिछले 16 वर्षों के आंकड़े दर्शाते हैं कि ग्रेड-ए खुदरा स्थल की आपूर्ति और किराया मांग के बीच असंतुलन बना हुआ है।” उन्होंने कहा, “स्थिति यह है कि आपूर्ति के लिहाज से बाजार बेहद सीमित हो गया है और खुदरा कंपनियों के लिए सबसे बड़ी चुनौती ग्राहकों को आकर्षित करना नहीं, बल्कि उपयुक्त स्थान हासिल करना है।” एनारॉक ने कहा कि ग्रेड-ए मॉल की कमी का कारण यह है कि बड़ी और सफल खुदरा परियोजनाएं विकसित करना अन्य रियल एस्टेट परियोजनाओं की तुलना में अधिक जटिल होता है।

इसके लिए रणनीतिक स्थान पर बड़े और एकीकृत भूखंड की आवश्यकता होती है। रिपोर्ट के मुताबिक, प्रमुख शहरों में शॉपिंग मॉल के लिए उपयुक्त जमीन की उपलब्धता सीमित है और जमीन की बढ़ती कीमतें नई परियोजनाओं को मुश्किल बना देती हैं। इसके अलावा, स्वीकृति प्रक्रियाएं, वित्तीय परिस्थितियां और निर्माण समय-सीमा भी परियोजनाओं में देरी का कारण बनती हैं।

एनारॉक के अनुसार, वर्ष 2026 की पहली छमाही में मॉल में खाली दुकानों की दर घटकर 6.7 प्रतिशत रह गई है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़