Tamil Nadu में 58,214 करोड़ रुपये का Investment, 78 MoU पर हुए हस्ताक्षर

Tamil Nadu में 58,214 करोड़ रुपये का Investment, 78 MoU पर हुए हस्ताक्षर
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

तमिलनाडु सरकार ने चेन्नई में आयोजित एक कॉन्क्लेव के दौरान 78 औद्योगिक समझौता ज्ञापनों पर दस्तखत किए। इन निवेश प्रस्तावों के जरिए राज्य में करीब 65,786 रोजगार के अवसर सृजित होने का अनुमान है। इस दौरान मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने कई नई परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी किया।

तमिलनाडु सरकार ने बुधवार को 78 समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। इनके तहत राज्य में कुल 58,214 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव है। इन परियोजनाओं से 65,786 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।

ये समझौते ‘वेट्री इन्वेस्टमेंट एंड कन्वर्जन कॉन्क्लेव’ में मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय की मौजूदगी में उद्योग, निवेश प्रोत्साहन एवं वाणिज्य विभाग की ओर से किए गए। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, नए निवेश समझौतों के साथ पहले घोषित परियोजनाओं पर भी काम आगे बढ़ाया गया। इससे बुधवार को राज्य में कुल औद्योगिक निवेश का प्रस्ताव 67,569 करोड़ रुपये हो गया।

इन सभी परियोजनाओं से कुल 87,461 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। विजय ने सम्मेलन के दौरान राज्य में 7,925 करोड़ रुपये की 15 नई औद्योगिक परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इनसे 19,965 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने 1,430 करोड़ रुपये की छह पूरी हो चुकी परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया। इन परियोजनाओं से 1,710 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है। विजय ने कार्यक्रम के दौरान पांच कंपनियों में विभिन्न पदों के लिए चुने गए 18 उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र भी सौंपे।

बयान में कहा गया कि सम्मेलन से पहले और दूसरे ‘वेट्री निवेश सम्मेलन’ में हुए समझौतों को मिलाकर राज्य सरकार ने सत्ता संभालने के 200 दिनों के भीतर 190 समझौतों के जरिये 1.73 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आकर्षित किए हैं। इनसे 1,98,557 लोगों के लिए रोजगार के अवसर सुनिश्चित हुए हैं। मुख्यमंत्री से नियुक्ति पत्र पाने वाले 18 उम्मीदवारों का चयन यूपीएस, ऑटोलिव, स्टाइलकोव, महिंद्रा एंड महिंद्रा और ओमरोन सहित पांच कंपनियों में विभिन्न पदों के लिए किया गया है।

ब्राजील, फिनलैंड, जर्मनी, सिंगापुर, दक्षिण कोरिया, स्वीडन और अमेरिका में मुख्यालय वाली 14 कंपनियों ने कुल 14,798 करोड़ रुपये के प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) की प्रतिबद्धता जताई है। इन समझौतों में वाहन और वाहन कलपुर्जे, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सेमीकंडक्टर, वैमानिकी एवं रक्षा, भारी एवं सटीक इंजीनियरिंग, कपड़ा और वैश्विक क्षमता केंद्र (जीसीसी) सहित कई क्षेत्र शामिल हैं। वाहन कलपुर्जे बनाने वाली दो कंपनियों- हुंदै-ह्वाशिन ऑटोमोटिव इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (850 करोड़ रुपये) और सियोन ई-ह्वा समिट ऑटोमोटिव इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (520 करोड़ रुपये) ने अपनी मौजूदा इकाइयों के विस्तार के लिए समझौते किए हैं।

इनसे कुल 1,370 करोड़ रुपये का नया निवेश होगा और 500 रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है। दक्षिण कोरिया का औद्योगिक समूह पोस्को कृष्णागिरि जिले में 250 करोड़ रुपये के निवेश से इस्पात प्रसंस्करण परियोजना स्थापित करेगा। दुनिया के सबसे बड़े इस्पात विनिर्माताओं में शामिल पोस्को इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) बैटरी के कच्चे माल का प्रमुख वैश्विक आपूर्तिकर्ता भी है।

इस परियोजना से 200 लोगों को रोजगार मिलेगा। तमिलनाडु की प्रमुख कपड़ा कंपनी रामराज, एससीएम, अवनीथा, केपीआर, अर्थनारी, एलएस मिल्स और जीएचसीएल ने अपनी विनिर्माण क्षमता और घरेलू ब्रांडों के विस्तार के लिए बड़े निवेश करने संबंधी समझौते किए हैं। वहीं, थियागराजर मिल्स ने जर्मनी की यूरो टेक्सटाइल्स के साथ मिलकर विरुधुनगर में 100 करोड़ रुपये के निवेश से कॉटन जैकार्ड फैब्रिक विनिर्माण इकाई स्थापित करने और तकनीकी कपड़ा क्षेत्र में विस्तार करने के लिए समझौता किया है।

इन प्रमुख क्षेत्रों में नौ समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इनके तहत 3,928 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है और 14,650 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है। स्वीडन की कंपनी पीएमसी हाइड्रोलिक्स अपने विनिर्माण विभाग के एक हिस्से को बेंगलुरु से तमिलनाडु स्थानांतरित कर रही है।

कंपनी कृष्णागिरि में 300 करोड़ रुपये के निवेश से अपनी पहली विनिर्माण इकाई स्थापित करेगी, जिससे 300 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है। इंजीनियरिंग एवं विनिर्माण कंपनी जेके फेनर शिवगंगा में एक नया बड़ा संयंत्र स्थापित करने के लिए 900 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इससे 1,650 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।

ब्राजील की कंपनी डब्ल्यूईजी धर्मपुरी जिले में 2,000 करोड़ रुपये का नया निवेश करेगी। इससे 3,000 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है। कंपनी इलेक्ट्रिक मोटर, स्वचालन प्रणालियों और नियंत्रण उपकरणों के लिए अपनी एकीकृत विनिर्माण इकाई का विस्तार करेगी।

यह ब्राजील के बाहर कंपनी की सबसे बड़ी एकीकृत विनिर्माण इकाई होगी। घरेलू डीप-टेक कंपनी राना सेमीकंडक्टर्स कृष्णागिरि में 150 करोड़ रुपये का निवेश कर रही है। इससे 150 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।

कंपनी जोक्राल्स्की (सीजेड) क्रिस्टल विकास प्रौद्योगिकी में विशेषज्ञता रखती है। राज्य के विभिन्न जिलों में रणनीतिक स्थानों पर विभिन्न परिवहन साधन वाले लॉजिस्टिक पार्क (एमएमएलपी) और ड्राई पोर्ट (जमीनी क्षेत्र में स्थित बंदरगाह) स्थापित कर औद्योगिक विकास को गति देने के लिए 12 एमएमएलपी से जुड़े समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इनमें 15,250 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़