Tonbo Imaging IPO को अंतिम दिन मिला 136 गुना सब्सक्रिप्शन, निवेशकों ने लगाई 115 करोड़ शेयरों की बोली

रक्षा इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरण बनाने वाली टोनबो इमेजिंग के 852 करोड़ रुपये के आईपीओ को बोली के अंतिम दिन जोरदार प्रतिक्रिया मिली। कुल 85.26 लाख शेयरों के मुकाबले 115.87 करोड़ से अधिक शेयरों के लिए बोलियां दर्ज की गईं। संस्थागत खरीदारों की श्रेणी में सबसे अधिक 293.56 गुना अभिदान प्राप्त हुआ।
रक्षा इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरण बनाने वाली कंपनी टोनबो इमेजिंग इंडिया लिमिटेड के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को सोमवार को बोली के अंतिम दिन करीब 136 गुना अभिदान (बोलियां) मिला। एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, 852.18 करोड़ रुपये के इस आईपीओ में 85,26,033 शेयरों के मुकाबले 1,15,87,19,247 शेयरों के लिए बोलियां मिलीं। इस तरह कुल अभिदान 135.90 गुना रहा।
पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) की श्रेणी में 293.56 गुना अभिदान मिला, जबकि गैर-संस्थागत निवेशकों के हिस्से को 170.94 गुना अभिदान मिला। खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित हिस्से को 31.07 गुना अभिदान मिला। टोनबो इमेजिंग इंडिया का आईपीओ पिछले सप्ताह बृहस्पतिवार को बोली के पहले ही दिन पूर्ण अभिदान मिल गया था।
कंपनी ने बुधवार को एंकर निवेशकों से 255.36 करोड़ रुपये जुटाए थे। इस निर्गम में प्रवर्तकों और मौजूदा शेयरधारकों द्वारा 1.22 करोड़ इक्विटी शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) शामिल है। इसमें नए शेयर जारी नहीं किए गए हैं।
चूंकि यह आईपीओ पूरी तरह बिक्री पेशकश पर आधारित है, इसलिए कंपनी को इससे कोई राशि प्राप्त नहीं होगी। आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 665 से 700 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। टोनबो इमेजिंग निगरानी, टोही, लक्ष्य निर्धारण और नियंत्रण संबंधी कार्यों में इस्तेमाल होने वाली सेंसर, प्रोसेसिंग, संचार और मार्गदर्शन प्रणालियों का डिजाइन एवं विनिर्माण करती है।
अन्य न्यूज़













