Delhi Crime Branch ने पकड़ी नकली Eno और Fevikwik बनाने वाली इकाइयां, दो आरोपी अरेस्ट

दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने घोंडा और नांगलोई इलाके में छापेमारी कर नामी ब्रांडों के नकली उत्पाद तैयार करने वाले दो आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस टीमों ने दो गोदामों और एक अवैध फैक्ट्री से भारी मात्रा में नकली ईनो, फेविक्विक और पैकेजिंग सामग्री बरामद की। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और कॉपीराइट एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने उत्तर-पूर्वी दिल्ली के घोंडा और नांगलोई के अमनपुरी इलाके में छापेमारी कर प्रतिष्ठित कंपनियों के नकली उत्पाद बनाने वाली दो फैक्टरियों का भंडाफोड़ कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नवीन सिंघल (51) और बलराज बंसल (45) के रूप में हुई है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि 17 और 18 अक्टूबर को की गई कार्रवाई के दौरान घोंडा में दो गोदामों और नांगलोई के अमनपुरी स्थित एक अवैध विनिर्माण एवं पैकेजिंग इकाई पर छापेमारी की गई। पुलिस ने बताया कि यह इकाइयां एसिडिटी से राहत देने वाली दवा ‘ईनो’ और इंस्टेंट सुपर ग्लू ‘फेविक्विक’ के नकली उत्पाद बनाने में कथित रूप से शामिल थीं। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि घोंडा में छापेमारी के दौरान नकली ईनो के 1,97,856 पैकेट, इसके तैयार पाउडर के करीब चार लाख पाउच (करीब 310 किलोग्राम) और लगभग 200 किलोग्राम सिट्रिक एसिड बरामद किया गया।
इसके अलावा, ईनो के तीन लाख से अधिक स्टिकर और करीब 100 किलोग्राम पैकेजिंग रोल भी जब्त किए गए। पुलिस के मुताबिक, अमनपुरी की फैक्टरी में छापेमारी के दौरान मौके से नकली फेविक्विक के 1,12,560 पाउच, फेविक्विक उत्पादों की पैकेजिंग के लिए सामग्री तथा एमडीएच मसालों के पैकेट और डिब्बे बनाने में इस्तेमाल होने वाली पैकेजिंग सामग्री भी बरामद हुई। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और कॉपीराइट अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
आरोपियों को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, ताकि कच्चे माल के स्रोत और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।
अन्य न्यूज़













