IndiGo में बड़ा बदलाव लाने को पूरी तरह तैयार हैं Willie Walsh: राहुल भाटिया

Prabhasakshi Image

इंडिगो के प्रबंध निदेशक राहुल भाटिया ने कहा कि तीन अगस्त को विमानन कंपनी के नए सीईओ का पद संभालने वाले विली वॉल्श एयरलाइन में बदलाव लाने को तैयार हैं। अंतरराष्ट्रीय वायु परिवहन संघ के महानिदेशक पद से हटने के बाद वॉल्श ऐसे समय में कमान संभाल रहे हैं जब इंडिगो अपने परिचालन के 20 वर्ष पूरे कर रही है। भाटिया के अनुसार, पूर्व पायलट वॉल्श के पास परिचालन की बेहद गहरी समझ है।

भारत की सबसे बड़ी विमानन कंपनी इंडिगो के प्रबंध निदेशक राहुल भाटिया ने कहा कि अगले सप्ताह मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) का पद संभालने वाले विली वॉल्श एयरलाइन में बदलाव लाने को तैयार हैं। अंतरराष्ट्रीय वायु परिवहन संघ (आईएटीए) के महानिदेशक पद से 31 जुलाई को हटने के बाद वॉल्श तीन अगस्त को भारत की सबसे बड़ी विमानन कंपनी इंडिगो के सीईओ का पद संभालेंगे। इसी दिन कंपनी अपने परिचालन के 20 वर्ष भी पूरे करेगी।

विमानन जगत के अनुभवी एवं प्रशिक्षित पायलट वॉल्श की सराहना करते हुए भाटिया ने कहा कि परिचालन के मामले में उनकी समझ बेहद गहरी है और वह एयरलाइन के परिचालन में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। इंडिगो के सह-संस्थापक भाटिया ने ‘पीटीआई-भाषा’ के साथ साक्षात्कार में कहा, ‘‘ विली के लिए इंडिगो की यह यात्रा भविष्य में किसी अन्य अवसर तक पहुंचने का एक पड़ाव नहीं है। मेरा मानना है कि वह वास्तव में बदलाव लाना चाहते हैं।

जब भी मैं उनसे बात करता हूं, यह बात स्पष्ट दिखाई देती है।’’ इंडिगो ने 31 मार्च को वॉल्श को अपना सीईओ नियुक्त करने की घोषणा की थी। यह घोषणा कंपनी के तत्कालीन सीईओ पीटर एल्बर्स के अचानक इस्तीफा देने के तीन सप्ताह से भी कम समय बाद की गई थी। वैश्विक विमानन संगठन में अपने स्पष्ट और बेबाक अंदाज के लिए पहचाने जाने वाले वॉल्श पहले पायलट रहे हैं।

वह एर लिंगस में मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) और फिर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (2000-2005) पद पर सेवा दे चुके हैं। इसके बाद वह ब्रिटिश एयरवेज के सीईओ (2005-2011) और आईएजी के सीईओ (2011-2020) भी रहे। भाटिया ने कहा, ‘‘ विली वॉल्श परिचालन के मामले में बेहद गहरी समझ रखते हैं।

इसकी एक बड़ी वजह यह है कि उन्होंने अपने करियर की शुरुआत पायलट के रूप में की थी। मेरा मानना है कि वह इस क्षेत्र में बेहद महत्वपूर्ण योगदान देंगे। इंडिगो के लिए कार्यशैली बेहद महत्वपूर्ण है... किसी कंपनी की पहचान उसकी सोच और कार्यशैली से बनती है।

हम चाहते हैं कि विली इस कार्यशैली को पूरी मजबूती से बनाए रखें।’’ इंडिगो की घरेलू विमानन बाजार में 66 प्रतिशत से अधिक हिस्सेदारी है। वॉल्श ऐसे समय में इंडिगो की कमान संभाल रहे हैं, जब कंपनी अंतरराष्ट्रीय विस्तार की महत्वाकांक्षी योजना पर काम कर रही है। कंपनी के बेड़े में 2028 की शुरुआत से ए350-900 चौड़े आकार वाले विमान शामिल होने की उम्मीद है।

इंडिगो ने पहले ही 900 से अधिक विमानों का ऑर्डर दे रखा है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़