प्यार और अपनापन के साथ राजनीतिक नैरेटिव गढ़ती किताब

भारत में राजनीतिक हस्तियों द्वारा आत्मकथाएं लिखने की लंबी परंपरा रही है। खुद सोनिया के नाना ससुर जवाहर लाल नेहरू ने भी अपनी आत्मकथा लिखी है। महात्मा गांधी की आत्मकथा सत्य के प्रयोग तो दुनियाभर में चर्चित है। राजेंद्र प्रसाद ने भी अपनी नजर से अपने अतीत में झांकने की कोशिश की है।
गांधी-नेहरू परिवार भले ही सत्ता से दूर हो, लेकिन ऐतिहासिक कारणों की वजह से उसे देश के पहले राजनीतिक परिवार का दर्जा हासिल है। इस संदर्भ में सोनिया गांधी की किताब ’बिलांगिंग, ए जर्नी ऑफ लव’ पर हो रही चर्चा स्वाभाविक है। चूंकि सोनिया राजनीतिक हस्ती हैं, इसलिए उनकी किताब पर उनके समर्थकों का लहालोट होना और उनके विरोधियों का उसमें मीन-मेख निकालना भी अजूबा नहीं है। सोनिया प्रचलित अर्थों में साहित्यकार भी नहीं है, लिहाजा इस किताब की परख साहित्यिक पैमाने पर करना बेमानी ही होगा। चूंकि सोनिया अब भी राजनीति में सक्रिय हैं, इसलिए इस किताब के राजनीतिक अर्थ भी निकाला जाना कोई नई बात नहीं है।
आत्मकथा के बारे में कहा जाता है कि वह लेखक के नजरिए से उसका अपना अतीत होती है। अतीत को देखने के लिए हर एक का अपना नजरिया होता है, इसलिए हर व्यक्ति अपने हिसाब से घटनाओं को देखता और परखता है। इसलिए सोनिया की किताब को भी देखने और उसे समझने का हर व्यक्ति के लिए आधार अलग-अलग हो सकता है। सोनिया गांधी का नौ दिसंबर को इक्यासिवां जन्मदिन है। उस दिन वह जीवन के आठ दशक पूरे कर लेंगी। जिस तरह जन्मदिन के ठीक पहले किताब पर चर्चाओं की बाढ़ आई है और इसके जरिए नया राजनीतिक नैरेटिव खड़ा हो रहा है, उसे देखकर कहा जा सकता है कि सोनिया का अपने जन्मदिन पर इससे बड़ा कोई तोहफा नहीं हो सकता।
इसे भी पढ़ें: पेज नंबर 201 पर विवाद, शिवसेना नेताओं ने फाड़ी सोनिया गांधी की किताब, बैन की मांग
मल्लिकार्जुन खरगे भले ही देश की सबसे पुरानी पार्टी के मुखिया हों, लेकिन असल कमान सोनिया और राहुल के ही हाथ हैं। कांग्रेस बेशक चर्चाओं में हो, लेकिन अब वह अपने राजनीतिक अस्तित्व के लिए जूझ रही है। उसके सामने ‘करो या मरो’ की हालत है। 2029 के आम चुनावों के जरिए केंद्रीय सत्ता में वापसी का उसे कठिन संघर्ष करना पड़ेगा। सोनिया को यह पता है। उनकी किताब भले ही अपनापन और प्यार की यात्रा हो, लेकिन वह कांग्रेस के राजनीतिक संघर्ष की बुनियाद खड़ी कर रही है। किताब जारी राजनीतिक घमासान को देखते हुए कहा जा सकता है कि सोनिया अपनी इस योजना में सफल हैं। कुछ ही महीनों बाद पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव हैं। उत्तराखंड, गोवा, मणिपुर और पंजाब में कांग्रेस उम्मीद कर सकती है। उत्तर प्रदेश में अपनी ताकत को कुछ और बढ़ाने के अलावा उसके सामने दूसरा विकल्प नहीं है। सोनिया की किताब इन राज्यों में कांग्रेस की संभावनाओं का आधार बन सकती है। कांग्रेस के कार्यकर्ता इस किताब को जिस तरह से लेकर मैदान में उतर पड़े हैं, वह पार्टी की इस रणनीति की ही गवाही दे रहा है।
पांच सौ से कुछ ज्यादा पृष्ठों की इस किताब को मोटे तौर पर दो हिस्सों में पढ़ा जा सकता है। राजीव गांधी से मिलन, शादी के बाद भारतीय परिवार को अपनाना और इंदिरा-संजय से रिश्तों की जब तक किताब में विवरण आते हैं, वे पारिवारिक अनुभव देते हैं। हालांकि मेनका को लेकर उन्होंने जो लिखा है, एक दशक पहले मेनका के कहे शब्दों से अलग है। सोनिया ने देवरानी मेनका को लेकर लिखा है कि राजनीतिक महत्वाकांक्षा और संघ से जुड़ाव के चलते उन्हें परिवार से निकलना पड़ा। जो मेनका के बयान से उलट है। करीब एक दशक पहले सिमी ग्रेवाल के शो में मेनका ने गांधी परिवार से अपने निष्कासन को लेकर कहा था कि संजय की मृत्यु के बाद राजीव गांधी को जब इंदिरा राजनीति में लेकर आईं तो सोनिया ने मेनका से परिवार को बाहर करने की शर्त रखी थी। ऐसे में सवाल उठना स्वाभाविक है कि सोनिया सही हैं या मेनका। वैसे इस घटना पर गांधी परिवार के करीबी पत्रकार खुशवंत सिंह ने भी लिखा है और उनकी राय भी सोनिया की राय से मेल नहीं खाती सोनिया की किताब में शामिल राजनीतिक घटनाओं के विवरण एक तरह से सोनिया के राजनीतिक व्यक्तित्व का विस्तार लगती है। हर लेखक की भांति सोनिया का भी हक है कि वे राजनीतिक घटनाओं को अपने नजरिए से पेश करें और उनकी व्याख्या करें। लेकिन सार्वजनिक जीवन में घटित कुछ ऐसी घटनाएं भी हैं, जिन पर अगर वे कुछ लिखेंगी भी तो उसे सहज स्वीकार नहीं किया जाएगा। 14 मार्च 1998 और 24 दिसंबर 2004 की घटनाओं को लेकर उनकी राय देश जानना ही चाहेगा। पहली तारीख को पिछड़े समुदाय से आने वाले कांग्रेस के अरसे बाद निर्वाचित अध्यक्ष सीताराम केसरी को तकरीबन अपमानित करके पद से हटाया गया था और दूसरी तारीख को प्रधानमंत्री रहे व्यक्ति के शव को कांग्रेस के मुख्यालय में घुसने तक नहीं दिया गया था। पहली घटना के बाद सोनिया के ही सिर कांग्रेस का ताज सजा था और दूसरी के वक्त सोनिया कांग्रेस की अघोषित सत्ता केंद्र थीं। इन घटनाओं के पीछे की वजहों को अगर आत्मकथा में जिक्र नहीं होता तो सवाल उठेंगे ही।
भारत में राजनीतिक हस्तियों द्वारा आत्मकथाएं लिखने की लंबी परंपरा रही है। खुद सोनिया के नाना ससुर जवाहर लाल नेहरू ने भी अपनी आत्मकथा लिखी है। महात्मा गांधी की आत्मकथा सत्य के प्रयोग तो दुनियाभर में चर्चित है। राजेंद्र प्रसाद ने भी अपनी नजर से अपने अतीत में झांकने की कोशिश की है। लेकिन इन तीनों की आत्मकथाओं पर राजनीतिक वितंडा खड़ा नहीं हुआ। इसकी वजह यह रही कि तीनों ने अपने राजनीतिक नजरिए की बजाय अपने विचारों और संघर्षों पर फोकस किया। महात्मा गांधी जनवरी 1948 तक जीवित रहे। लेकिन अपनी आत्मकथा में उन्होंने 1920 तक की ही घटनाओं का जिक्र किया है। उनका कहना था कि इसके बाद का उनका जीवन सार्वजनिक है और उस पर दुनिया लिखे। उन्होंने अपनी आत्मकथा के बारे में कहा है कि वे सिर्फ उन आध्यात्मिक और नैतिक प्रयोगों का वर्णन करना चाहते हैं, जो दूसरों के लिए मार्गदर्शक बन सकें। नेहरू ने आत्मकथा को अपनी मानसिक विकास यात्रा और राजनीतिक संघर्षों को समझने का जरिया माना। उनका कहना रहा कि आत्मकथा के जरिए लेखक को अपने विचारों की स्पष्टता और अपने दौर के इतिहास को परखने का मौका मिलता है। सहज शख्सियत के मालिक डॉ. राजेंद्र प्रसाद मानते थे कि आत्मकथा लिखना अतीत को फिर से जीने और अपनी भूलों से सीखने का एक माध्यम है। उनका विचार था कि एक सार्वजनिक व्यक्ति का जीवन समाज की धरोहर होता है, इसलिए उसके अनुभव दूसरों के काम आने चाहिए। इन विचारों में एक तरह से सार्वजनिनता है। राजनीतिक आग्रहों से आगे की बात है। इस संदर्भ में सोनिया की किताब को देखते हैं तो निराशा होती है।
सोनिया ने अपनी किताब में इंडिया ब्लॉक से नीतीश कुमार के अलग होने को लेकर जो राय दी है, वह कांग्रेसियों को स्वीकार्य हो सकता है, प्रबुद्ध तबको को नहीं। सोनिया ने लिखा है कि नीतीश इंडिया गठबंधन छोड़ने का बहाना तलाश रहे थे, क्योंकि वे बीजेपी के नियंत्रण में थे। जबकि पूरा देश जानता है कि इंडिया गठबंधन नीतीश और ममता बनर्जी की कल्पना थी। जुलाई 2023 में पटना में नीतीश की ही पहल पर गठबंधन की पहली बैठक हुई थी। तब नीतीश स्वाभाविक तौर पर मोदी के खिलाफ विपक्ष के नेता के तौर पर उभर रहे थे। लेकिन कांग्रेस को उनकी अगुआई पसंद नहीं आई। निराश नीतीश को गठबंधन छोड़ना ही था। किताब में सोनिया ने प्रधानमंत्री मोदी को लेकर लिखा है कि संसद के गलियारे में उनसे मुलाकात होती है, नमस्ते का आदान-प्रदान होता है। लेकिन प्रधानमंत्री नजर नहीं मिला पाते। हिंदी के दो मुहावरे हैं, नजर मिलाना और नजर फेर लेना। बीजेपी इसे दूसरे मुहावरे से जोड़ देती है। लोगों को पता है कि नजर फेर लेना क्या होता है। वैसे सोनिया की यह बात राहुल गांधी के उस ऐलान का ही विस्तार लगती है, जिसमें वे कहते हैं कि मोदी उनसे आंख नहीं मिला पाता।
सोनिया की किताब के राजनीतिक हिस्से निश्चित तौर पर आने वाले दिनों में कांग्रेस की चुनावी रणनीति के हिस्से बनेंगे। किताब के प्रकाशन की टाइमिंग से इसका बखूबी संकेत मिलता है। यह पुस्तक राजनीतिक तौर पर कांग्रेस को कितना फायदा पहुंचा पाएगी, इसका पता तो चुनाव नतीजों के बाद ही लगेगा। लेकिन यह तय है कि विवादों के बावजूद भारतीय राजनीतिक इतिहास में यह पुस्तक लंबे समय तक प्रभावी बनी रहेगी।
उमेश चतुर्वेदी
लेखक वरिष्ठ पत्रकार हैं
अन्य न्यूज़














