IND vs PAK मैच में हार का डर? बीच में ही स्टेडियम छोड़कर निकले PCB चीफ Mohsin Naqvi

Mohsin Naqvi
प्रतिरूप फोटो
ANI Digital
Ankit Jaiswal । Feb 16 2026 11:10PM

भारत के खिलाफ टी20 मुकाबले में पाकिस्तान की लड़खड़ाती पारी के बीच PCB अध्यक्ष मोहसिन नकवी मैच खत्म होने से पहले ही स्टेडियम से निकल गए, जिसे टीम के प्रदर्शन पर उनकी निराशा के तौर पर देखा जा रहा है। इस घटना ने सोशल मीडिया पर एक नई बहस छेड़ दी है, जहाँ प्रशंसक उनकी खेल भावना पर सवाल उठा रहे हैं।

कोलंबो में भारत और पाकिस्तान के बीच खेले जा रहे हाई-वोल्टेज टी20 मुकाबले के दौरान एक दिलचस्प घटनाक्रम देखने को मिला, जब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नकवी मैच खत्म होने से पहले ही स्टेडियम से बाहर निकलते नजर आए हैं।

बता दें कि यह मुकाबला टी20 विश्व कप के तहत आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जा रहा था। दूसरे पारी के दौरान, जब पाकिस्तान 176 रन के लक्ष्य का पीछा कर रहा था, तभी कैमरों ने नकवी को स्टेडियम से बाहर जाते हुए कैद किया। मौजूद जानकारी के अनुसार, मोहम्मद नवाज के 12वें ओवर में आउट होने के तुरंत बाद वह मैदान से रवाना हो गए। उस समय पाकिस्तान का स्कोर 77/5 था और टीम दबाव में दिख रही थी।

गौरतलब है कि नवाज का विकेट मैच का निर्णायक मोड़ साबित हुआ। इसके बाद पाकिस्तानी पारी संभल नहीं सकी और पूरी टीम 18 ओवर में 114 रन पर सिमट गई। इस तरह भारतीय टीम ने पाकिस्तानी  टीम को 61 रन से हराकर एक और बड़ी जीत दर्ज की।

मैच के दौरान प्रसारित तस्वीरों में नकवी वीवीआईपी बॉक्स में मौजूद दिखाई दिए थे। कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया कि वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के चेयरमैन जय शाह से औपचारिक मुलाकात के उद्देश्य से भी वहां पहुंचे थे, हालांकि दोनों को साथ में नहीं देखा गया। नकवी ने श्रीलंका क्रिकेट अधिकारियों से बातचीत जरूर की।

सोशल मीडिया पर उनकी जल्दबाजी में रवानगी को लेकर कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आईं। कुछ प्रशंसकों ने मजाकिया अंदाज में टिप्पणी की कि वह हार से पहले ही निकल गए। बता दें कि नकवी हाल के महीनों में एशियाई क्रिकेट परिषद और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की जिम्मेदारी संभालने के बाद से भारत-पाक मुकाबलों को लेकर कई बार सुर्खियों में रहे हैं। एशिया कप के दौरान ट्रॉफी प्रस्तुति को लेकर भी विवाद सामने आया था, जब भारतीय टीम ने ट्रॉफी उनसे लेने में असहजता जताई थी।

मौजूद जानकारी के अनुसार, हाल ही में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के साथ भारत-पाक मैच को लेकर हुई चर्चाओं में भी नकवी ने सक्रिय भूमिका निभाई थी। ऐसे में मैच के बीच में उनका स्टेडियम छोड़ना स्वाभाविक रूप से चर्चा का विषय बन गया है।

भारत की जीत के साथ जहां टूर्नामेंट में उसकी स्थिति मजबूत हुई है, वहीं पाकिस्तान के लिए आगे की राह और चुनौतीपूर्ण होती दिख रही है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़