T20 World Cup से पहले Team India को बड़ा झटका, Star Player Shreyanka Patil चोट के कारण बाहर

T20 World Cup India
ANI

भारतीय महिला क्रिकेट टीम को टी20 विश्व कप में बड़ा झटका लगा है, क्योंकि ऑफ स्पिनर श्रेयांका पाटिल टखने की चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं। आईसीसी की मंजूरी के बाद, उनकी जगह अनकैप्ड लेग स्पिनर प्रेमा रावत को टीम में शामिल किया गया है।

 भारत की ऑफ स्पिनर श्रेयांका पाटिल टखने की चोट के कारण महिला टी20 विश्व कप से बाहर हो गई हैं और उनकी जगह लेग स्पिनर प्रेमा रावत को टीम में शामिल किया गया है, जिन्होंने अभी तक एक भी अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है। 23 वर्षीय पाटिल बुधवार को नीदरलैंड के खिलाफ भारत की 95 रन की जीत के दौरान चोटिल हो गई थी। यह घटना पावरप्ले के आखिरी ओवर में हुई जब पाटिल को गेंद को रोकने की कोशिश में चोट लग गई। इससे उनके टखने में मोच आ गई।

आईसीसी की मीडिया विज्ञप्ति के अनुसार, ‘‘आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 की प्रतियोगिता तकनीकी समिति ने भारतीय टीम में श्रेयांका पाटिल के स्थान पर प्रेमा रावत को शामिल करने की मंजूरी दे दी है।’’ 24 वर्षीय रावत को पहली बार सीनियर राष्ट्रीय टीम में शामिल किया गया है। वह महिला प्रीमियर लीग के दो सत्र में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए छह मैच खेल चुकी हैं।

रावत उस भारत ए टीम का हिस्सा थी जिसे इंग्लैंड के खिलाफ शनिवार को नॉर्थम्प्टन में पहले टी20 मैच के साथ शुरू होने वाली छह मैचों की श्रृंखला खेलनी है। उन्होंने राइजिंग स्टार्स महिला एशिया कप में भी शानदार प्रदर्शन किया था, जहां उन्होंने 4.27 की इकॉनमी रेट से आठ विकेट लिए थे और भारत ए ने खिताब जीता था।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़