Baghpat में राष्ट्रपति के अंगरक्षक को गोली मारने वाले दो आरोपियों पर 10-10 हजार का इनाम

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में राष्ट्रपति भवन में तैनात सेना के जवान को विवाद के दौरान गोली मारकर घायल करने वाले दो फरार आरोपियों पर पुलिस ने इनाम घोषित किया है। गोपालपुर खड़ाना गांव में आठ नवंबर को हुई इस वारदात के बाद पुलिस की तीन टीमें आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही हैं। घायल जवान सौरभ तोमर का मेरठ के अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत सामान्य है।

उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में आपसी कहासुनी के बाद हुई मारपीट के दौरान राष्ट्रपति के अंगरक्षक दल में तैनात सेना के एक जवान को गोली लगने के मामले में पुलिस ने फरार दो आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। अपर पुलिस अधीक्षक प्रवीण सिंह चौहान ने बुधवार देर शाम बताया कि यह घटना आठ नवंबर को रमाला थाना क्षेत्र के गोपालपुर खड़ाना गांव में हुई थी। उन्होंने बताया कि गांव के ही मोनू और धीरज की विपिन तथा उसके भाई सौरभ तोमर (26) से कहासुनी हो गई थी।

सौरभ राष्ट्रपति के अंगरक्षक दल में तैनात है। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई, जिसमें विपिन घायल हो गया। चौहान ने बताया कि इसी दौरान धीरज ने गोली चलाई, जो दीवार से टकराकर दूसरी दिशा में चली गई और सौरभ के सिर में जा लगी।

इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां से सौरभ को मेरठ के सुभारती मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों ने उसके सिर से गोली निकाल दी है और फिलहाल उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।

चौहान ने बताया कि घायलों के पिता जनकराज की शिकायत पर रमाला थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीम गठित की गई हैं और उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक ने बुधवार को फरार आरोपियों मोनू और धीरज की गिरफ्तारी पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया।

पुलिस के अनुसार, सौरभ तोमर वर्ष 2021 में सेना में भर्ती हुआ था और वर्तमान में नयी दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति के अंगरक्षक दल में तैनात है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़