T20 World Cup | इतिहास रचने की दहलीज पर Zimbabwe, Australia को धूल चटाने के बाद अब Ireland से भिड़ंत, 'सुपर-8' पर नजरें

जिम्बाब्वे अपना आखिरी ग्रुप मैच 19 फरवरी को कोलंबो में मेजबान श्रीलंका के खिलाफ खेलेगा। अगर जिम्बाब्वे सुपर आठ में पहुंच जाता है तो यह सात प्रयासों में पहली बार होगा जब उसकी टीम इस चरण में जगह बनाएगी।
टी20 विश्व कप 2026 में जायंट किलर बनकर उभरी जिम्बाब्वे की टीम मंगलवार को आयरलैंड के खिलाफ मैदान पर उतरेगी। पूर्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया पर ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद जिम्बाब्वे के हौसले बुलंद हैं। टीम की नजरें अब आयरलैंड को हराकर पहली बार विश्व कप के 'सुपर आठ' (Super 8) चरण में कदम रखने पर टिकी हैं। जिम्बाब्वे ने अब तक सात बार विश्व कप में हिस्सा लिया है, लेकिन वह कभी भी ग्रुप चरण से आगे नहीं बढ़ पाई है। आयरलैंड पर जीत से जिम्बाब्वे के 6 अंक हो जाएंगे। हालांकि, 6 अंक मिलने के बाद भी उसकी जगह पक्की नहीं होगी, क्योंकि श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया भी 6 अंकों तक पहुंच सकते हैं। ऐसी स्थिति में नेट रन रेट (NRR) निर्णायक भूमिका निभाएगा।
इसे भी पढ़ें: 13 साल की लड़की के हाथ में परमाणु बम का बटन! किम जोंग के फैसले को चुनौती देंगी बहन
जिम्बाब्वे अपना आखिरी ग्रुप मैच 19 फरवरी को कोलंबो में मेजबान श्रीलंका के खिलाफ खेलेगा। अगर जिम्बाब्वे सुपर आठ में पहुंच जाता है तो यह सात प्रयासों में पहली बार होगा जब उसकी टीम इस चरण में जगह बनाएगी। टूर्नामेंट में अब तक जिम्बाब्वे का प्रदर्शन शानदार रहा है। उसके तीन तेज गेंदबाजों रिचर्ड नगारवा, ब्लेसिंग मुजरबानी और ब्रैड इवांस ने कोलंबो में खेले गए अपने पहले मैच में तीन तीन विकेट लेकर ओमान को केवल 103 रन पर आउट कर दिया था।
ब्रायन बेनेट (48 नाबाद) की अगुवाई में उसके बल्लेबाजों को आठ विकेट से जीत हासिल करने के लिए केवल 13.3 ओवरों की जरूरत पड़ी। इसके बाद जिम्बाब्वे टूर्नामेंट में दिग्गज टीमों को हराने वाली टीम के रूप में उभरी। उसने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो विकेट पर 169 रन बनाए और फिर विपक्षी टीम को सिर्फ 146 रन पर आउट कर 23 रन से जीत हासिल की।
इसे भी पढ़ें: Ranbir Kapoor हुए Dhurandhar के मुरीद हुए, Ranveer Singh की फिल्म को बताया अपनी 'फेवरेट'
ओपनर बेनेट ने एक बार फिर बल्लेबाजी में शानदार प्रदर्शन करते हुए नाबाद 64 रन बनाए, जबकि मुजरबानी और इवांस ने क्रमशः चार और तीन विकेट लेकर बेहतरीन गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। चोटों से जूझ रही ऑस्ट्रेलिया की टीम इस टूर्नामेंट में कमजोर नजर आ रही है, लेकिन उसके जैसी शीर्ष टीम को हराने से जिम्बाब्वे को आयरलैंड के खिलाफ होने वाले मैच से पहले एक बड़ा मनोवैज्ञानिक लाभ मिलेगा।
टीम प्रबंधन बेनेट से उम्मीद करेगा कि वे अपनी शानदार फॉर्म बरकरार रखें। सलामी बल्लेबाज तादिवानाशे मारुमानी, रयान बर्ल और कप्तान सिकंदर रजा जैसे अन्य बल्लेबाजों ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में अच्छा प्रदर्शन किया था और वे आयरलैंड के खिलाफ मैच में भी उसी लय को बनाए रखना चाहेंगे। दूसरी ओर आयरलैंड ओमान पर आसान जीत के बाद इस मैच में उतरेगा। मेजबान श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने शुरुआती दो मैच हारने के बाद वह टूर्नामेंट का अंत जीत के साथ करना चाहेगा। जिम्बाब्वे की तुलना में आयरलैंड के लिए दांव पर कुछ खास नहीं लगा है लेकिन वह जीत हासिल करके जिम्बाब्वे के सुपर आठ में जगह बनाने की संभावनाओं को जटिल बना सकता है।
आयरलैंड को शुक्रवार को एक बड़ा झटका लगा क्योंकि उसके कप्तान पॉल स्टर्लिंग दाहिने घुटने में चोट के कारण टी20 विश्व कप के शेष मैचों से बाहर हो गए। हालांकि कार्यवाहक कप्तान लोरकान टकर ने 51 गेंदों में 94 रन बनाकर आयरलैंड को ओमान के खिलाफ पांच विकेट पर 235 रन तक पहुंचाया।
इस मैच में आयरलैंड ने 96 रन से जीत हासिल की। टीम इस प्रकार हैं: जिम्बाब्वे: बेन कुरेन, क्लाइव मदांडे, तादिवानाशे मारुमानी, डायोन मायर्स, सिकंदर रजा, ब्रायन बेनेट, रयान बर्ल, ब्रैड इवांस, टोनी मुनयोंगा, ताशिंगा मुसेकिवा, ग्रीम क्रेमर, टिनोटेन्डा मापोसा, वेलिंगटन मसाकाद्जा, ब्लेसिंग मुजरबानी, रिचर्ड नगारवा। आयरलैंड: लोरकान टकर, रॉस एडायर, बेन कैलिट्ज़, हैरी टेक्टर, टिम टेक्टर, सैम टॉपिंग, मार्क एडायर, कर्टिस कैम्फर, गैरेथ डेलानी, जॉर्ज डॉकरेल, मैथ्यू हम्फ्रीज़, जोश लिटिल, बैरी मैकार्थी, बेन व्हाइट, क्रेग यंग। मैच दोपहर तीन बजे शुरू होगा।
अन्य न्यूज़
















