ICC Board Meeting में WTC 2027-31 चक्र और प्रमुख टूर्नामेंट्स का प्रस्ताव पेश

World Test Championship
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद की चार दिवसीय बोर्ड बैठकों में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के 2027-29 और 2029-31 चक्रों के मैचों के प्रस्ताव रखे जाएंगे। इसके साथ ही 2028-35 की प्रमुख पुरुष प्रतियोगिताओं की समय-सीमा को मंजूरी के लिए पेश किया जाएगा। इन बैठकों में फ्रेंचाइजी लीग, प्रशासनिक सुधारों और अफगानिस्तान की शरणार्थी महिला क्रिकेटरों पर भी चर्चा होगी।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की बुधवार से यहां शुरू हुई बोर्ड की बैठकों में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) 2027-29 और 2029-31 चक्रों के लिए मैचों का प्रस्ताव रखा जाएगा, जबकि 2028-35 के बीच पुरुषों की प्रतियोगिताओं को मंजूरी के लिए भी पेश किया जाएगा। आईसीसी की बैठकें चार दिन तक चलेंगी जिसमें विश्व क्रिकेट की सर्वोच्च संस्था की आठ समितियों की बैठक होंगी। बुधवार से लेकर 15 नवंबर तक चलने वाली 2026 की बैठकों के अंतिम चरण में दुनिया भर से आईसीसी बोर्ड और समिति के प्रतिनिधि भाग लेंगे। 

आईसीसी ने बयान में कहा, ‘‘इन बैठकों में आईसीसी विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के लिए 2027-29 और 2029-31 चक्रों के लिए मुकाबलों का प्रस्ताव रखा जाएगा, जबकि 2028-35 के लिए आईसीसी की सभी प्रमुख पुरुष प्रतियोगिताओं के लिए समय-सीमा (विंडो) को मंजूरी के लिए पेश किया जाएगा।’’ इन बैठकों में ‘फ्रेंचाइजी लीग रिव्यू ग्रुप और ‘गवर्नेंस रिव्यू कमटी’ से मिलने वाली शुरुआती प्रतिक्रियाओं पर भी चर्चा होगी जिनका गठन इस वर्ष जुलाई में आईसीसी के वार्षिक सम्मेलन में किया गया था। 

आईसीसी ने कहा, ‘‘फ्रेंचाइजी लीग रिव्यू ग्रुप का उद्देश्य आईसीसी के मौजूदा नियमों और ढांचे को बेहतर बनाना है, जिससे कि फ्रेंचाइजी लीगों की बढ़ती संख्या से पैदा होने वाली नई चुनौतियों का सामना किया जा सके और इससे निपटने के लिए पारिस्थितिकी तंत्र (इकोसिस्टम) को अधिक सुरक्षित व मजबूत बनाया जा सके।’’ आईसीसी की ‘गवर्नेंस रिव्यू कमेटी’ को आईसीसी के कामकाज की गहन समीक्षा करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है और यह समिति अपनी शुरुआती सिफारिशें पेश करेगी।

 अफगानिस्तान की शरणार्थी महिला क्रिकेटरों के लिए गठित कार्यबल इससे जुड़े कार्यक्रम के आगे की गतिविधियों के बारे में आईसीसी बोर्ड के सामने अपनी सिफारिश से पेश करेगा। आईसीसी के अध्यक्ष जय शाह ने कहा, ‘‘आईसीसी बोर्ड और समिति की बैठकें खेल के वैश्विक शासी निकाय के रूप में आईसीसी की ताकत को दर्शाती हैं। दुनिया भर के सदस्यों का प्रतिनिधित्व करने वाले विभिन्न निदेशकों और मुख्य कार्यकारी अधिकारियों का एक साथ बैठक करना हमारे खेल की भविष्य की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है।’’

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़