अमीष शाह और पिया डांडिया New Democrat Coalition में शामिल, सदस्यों की संख्या 142 पहुंची

नवनिर्वाचित भारतीय-अमेरिकी सांसद अमीष शाह और पिया डांडिया अमेरिका में डेमोक्रेटिक पार्टी के सबसे बड़े वैचारिक गुट 'न्यू डेमोक्रेट कोएलिशन' में शामिल हो गए हैं। मंगलवार को ब्रैड श्नाइडर के नेतृत्व वाले इस मध्यमार्गी गठबंधन में 40 नए सदस्यों को जगह दी गई। इसके साथ ही इस समूह में कुल सांसदों की संख्या बढ़कर 142 हो गई है।
(सागर कुलकर्णी) वाशिंगटन, 12 नवंबर नवनिर्वाचित भारतीय-अमेरिकी सांसद अमीष शाह और पिया डांडिया ‘न्यू डेमोक्रेट कोएलिशन’ में शामिल हो गए हैं जिसके बाद इस गठबंधन के सदस्यों की संख्या बढ़कर 142 हो गई है और यह डेमोक्रेटिक पार्टी के भीतर सबसे बड़ा वैचारिक गुट बन गया है। ब्रैड श्नाइडर के नेतृत्व वाले इस गठबंधन ने मंगलवार को 40 नवनिर्वाचित सदस्यों को अपने समूह में शामिल किया, जो इसके 30 साल के इतिहास में एक बार में शामिल किए गए सदस्यों की सबसे बड़ी संख्या है। श्नाइडर ने एक बयान में कहा, ‘‘जब मैं 2012 में पहली बार कांग्रेस (अमेरिकी संसद) में प्रतिनिधित्व के लिए चुना गया तब ‘न्यू डेम्स’ के 43 सदस्य थे।
चौदह साल बाद, न्यू डेम्स को 40 नए सदस्यों का स्वागत करते हुए गर्व हो रहा है, जो पहली बार चुने गए सांसदों का हमारा अब तक का सबसे बड़ा समूह है और अब हमारे सदस्यों की कुल संख्या 142 हो गई है।’’ डेमोक्रेटिक पार्टी के भीतर दूसरा प्रमुख गुट प्रगतिशील (प्रोग्रेसिव) सांसदों का है, जिसमें 100 से अधिक सदस्य हैं। इसका नेतृत्व टेक्सास के सांसद ग्रेग कैसर कर रहे हैं और इल्हान उमर, प्रमिला जयपाल तथा रो खन्ना जैसे सांसद इसके सदस्य हैं। शाह और डांडिया के अलावा, ‘न्यू डेमोक्रेट कोएलिशन’ में अमी बेरा, सुहास सुब्रमण्यम, श्रीथानेदार और राजा कृष्णमूर्ति भी शामिल हैं।
हालांकि, थानेदार और कृष्णमूर्ति तीन जनवरी को कार्यभार संभालने वाली नयी प्रतिनिधि सभा का हिस्सा नहीं होंगे, क्योंकि वे क्रमशः प्रतिनिधि सभा और सीनेट के लिए हुए डेमोक्रेटिक प्राइमरी चुनाव में हार गए थे। आपातकालीन चिकित्सा के डॉक्टर और एरिजोना प्रतिनिधि सभा के तीन बार के सदस्य रह चुके शाह के परिवार का ताल्लुक गुजरात से है। वर्ष 1997 में स्थापित ‘न्यू डेमोक्रेट कोएलिशन’ नवोन्मेषी, समावेशी और दूरदर्शी नीतियों को आगे बढ़ाने के लिए विपक्षी दलों और संसद के दोनों सदनों के साथ मिलकर काम करता है।
इस गठबंधन का मुख्य लक्ष्य देश के सामने मौजूद सबसे ज्वलंत मुद्दों का व्यावहारिक समाधान निकालना है जिसमें प्रत्येक अमेरिकी के लिए गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा सुनिश्चित करने से लेकर हर समुदाय में किफायती आवास बढ़ाना शामिल है।
अन्य न्यूज़














