Sheikh Hasina की वापसी से पहले Bangladesh में तनाव, सात जिलों में BGB की 108 प्लाटून तैनात

बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की संभावित वापसी को देखते हुए सरकार ने संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ढाका और गोपालगंज सहित सात जिलों में बीजीबी की टुकड़ियां तैनात की गई हैं। अधिकारियों ने सीमावर्ती क्षेत्रों में भी गश्त और तलाशी अभियान तेज करने के निर्देश दिए हैं।
बांग्लादेश ने अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की अगले महीने प्रस्तावित वापसी को लेकर बढ़ते राजनीतिक तनाव के बीच कई जिलों में सुरक्षा बढ़ा दी है, जिसके तहत बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) की 108 प्लाटून तैनात की गई हैं। इनमें से 56 प्लाटून हसीना के गृह जिले गोपालगंज में तैनात की गई हैं। बांग्लादेश में हसीना (79) की संभावित वापसी को लेकर पिछले कई दिनों से हिंसा हो रही है, जिनमें ट्रेन, बस और बैंकों को निशाना बनाकर की गई आगजनी की घटनाएं भी शामिल हैं।
हसीना अगस्त 2024 में छात्रों के नेतृत्व वाले आंदोलन के बीच अपनी सरकार के पतन के बाद ढाका छोड़कर भारत आ गई थीं। वह तब से भारत में रह रही हैं। पुलिस ने हिंसा की कई घटनाओं के लिए हसीना अवामी लीग और उससे जुड़े संगठनों के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार ठहराया है।
सुरक्षा व्यवस्था इस आशंका के मद्देनजर बढ़ाई गई है कि हसीना के समर्थन आने वाले दिनों में आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं तेज कर सकते हैं। बांग्लादेश सरकार ने अवामी लीग पर प्रतिबंध लगा दिया है, लेकिन पार्टी ऑनलाइन मंच के जरिये 29 और 30 नवंबर को लॉकडाउन का आह्वान कर रही है, जिससे तनाव और बढ़ने की चिंता पैदा हो गई है। समाचार पोर्टल ‘बीडीन्यूज24 डॉट कॉम’ की खबर के मुताबिक, बीजीबी ने बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में सात जिलों में 108 प्लाटून तैनात करने की घोषणा की, जिसका उद्देश्य “कानून-व्यवस्था बनाए रखना, जन सुरक्षा सुनिश्चित करना और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटना” है।
बीजीबी के अनुसार, इनमें से 56 प्लाटून हिंसा से प्रभावित गोपालगंज जिले में तैनात की गई हैं। गोपालगंज हसीना का गृह जिला है और इसे अवामी लीग का गढ़ माना जाता है। हिंसा के चलते वहां पिछले हफ्ते लगभग 2,000 पुलिसकर्मी और बीजीबी की 10 प्लाटून तैनात की गई थीं।
बीजीबी के मुताबिक, ढाका में 18, नारायणगंज में छह, गाजीपुर में 18, मयमनसिंह में दो, चटगांव में तीन और कॉक्स बाजार में एक प्लाटून तैनात की गई है। उसने कहा, “इसके अलावा, बीजीबी की चार प्लाटून को अलर्ट पर रखा गया है।” बीजीबी की एक प्लाटून में 30 से 40 जवान होते हैं। ‘प्रोथोम आलो’ अखबार की खबर के अनुसार, यह तैनाती गृह मंत्रालय के निर्देश पर की गई है और बीजीबी के जवान संबंधित जिला प्रशासन तथा अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ समन्वय कर रहे हैं।
खबर में कहा गया है कि प्रमुख प्रतिष्ठानों, औद्योगिक क्षेत्रों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इसमें कहा गया है कि बीजीबी मुख्यालय ड्रोन, बॉडी कैमरे और अन्य निगरानी उपकरणों से मिलने वाली लाइव फुटेज का इस्तेमाल कर एक समर्पित निगरानी प्रकोष्ठ के माध्यम से चौबीस घंटे स्थिति पर नजर रख रहा है। स्थानीय मीडिया में पुलिस के आंकड़ों के हवाले से प्रसारित खबरों में कहा गया है कि सात से 19 नवंबर के बीच पूरे बांग्लादेश में 83 वाहनों में आग लगा दी गई और 87 जगहों पर देसी बम फेंके गए।
‘प्रोथोम आलो’ की खबर में कहा गया है कि ये सुरक्षा उपाय इस खुफिया जानकारी के आधार पर किए गए हैं कि अवामी लीग के नेता और कार्यकर्ता अशांति फैलाने के लिए गुप्त हमले, आगजनी और तोड़फोड़ कर सकते हैं। इसमें कहा गया है कि पुलिस को आशंका है कि सरकारी प्रतिष्ठानों के साथ-साथ कुछ खास राजनीतिक हस्तियों को निशाना बनाया जा सकता है। खबर के मुताबिक, कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने सत्ताधारी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी), जमात-ए-इस्लामी और नेशनल सिटीजन पार्टी (एनसीपी) के नेताओं की पहचान संभावित लक्ष्यों के रूप में की है और उन्हें सतर्क कर दिया है।
इसमें कहा गया है कि पुलिस ने चेतावनी दी है कि हथियार और विस्फोटक बांग्लादेश की सीमाओं के रास्ते तस्करी करके देश में लाए जा सकते हैं। बांग्लादेश की सीमाएं भारत और म्यांमा से लगती हैं। देश के 64 जिलों में से 32 की सीमाएं अंतरराष्ट्रीय सीमाओं से जुड़ी हैं।
इनमें से 30 जिलों की सीमा भारत से और तीन की सीमा म्यांमा से लगती है, जबकि रांगामती की सीमा इन दोनों देशों से जुड़ी हुई है। खबरों के अनुसार, अधिकारियों ने 30 सीमावर्ती जिलों में कानून प्रवर्तन कर्मियों को निर्देश दिया है कि वे बीजीबी के साथ मिलकर सीमा के संवेदनशील इलाकों में निगरानी, गश्त और तलाशी अभियान तेज करें।
अन्य न्यूज़














