वेनिस Biennale Arte में भारत मंडप को मिला 'Visitors Lion' अवार्ड, पीएम मोदी ने जताई खुशी

प्रतिष्ठित वेनिस आर्ट बिएनाले में भारत मंडप को सर्वश्रेष्ठ राष्ट्रीय मंडप के लिए विजिटर्स लायन पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। सात साल के अंतराल के बाद लौटी भारतीय कला प्रदर्शनी ने वैश्विक दर्शकों के मतों से यह जीत हासिल की। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने इस सम्मान को देश की सांस्कृतिक विरासत के लिए गर्व का क्षण बताया।
भारतीय मंडप के प्रतिष्ठित ‘वेनिस आर्ट बिएनाले’ में शीर्ष पुरस्कार ‘विजिटर्स लायन’ जीतने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस उपलब्धि को भारत की कला और सांस्कृतिक जगत के लिए ‘गर्व का क्षण’ करार दिया। इस मंडप में, तेजी से बदलती दुनिया के संदर्भ में यादों और अपनापन महसूस करने की भावना को दर्शाया गया है। इससे पहले दिन में केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने इसे देश के बढ़ते सांस्कृतिक प्रभाव की ‘उल्लेखनीय स्वीकारोक्ति’ बताया था।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस पुरस्कार को भारत की कला और सांस्कृतिक जगत के लिए ‘गर्व का क्षण’ बताया। उन्होंने केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत की पोस्ट साझा करते हुए ‘एक्स’ पर कहा, “यह जानकर बेहद खुशी हुई कि वेनिस आर्ट बिएननेल में भारत मंडप को सर्वश्रेष्ठ राष्ट्रीय मंडप के लिए प्रतिष्ठित ‘विजिटर्स लायन’ पुरस्कार मिला है। हमारे कलाकार भारत की समृद्ध और विविध सांस्कृतिक विरासत से प्रेरणा लेकर कला जगत को नए दृष्टिकोण दे रहे हैं।
यह उपलब्धि देश के अधिक से अधिक युवाओं को कला के क्षेत्र में आगे बढ़ने और रचनात्मकता के नए आयाम तलाशने के लिए प्रेरित करे।” ‘ला बिएनाले डि वेनेजिया’ के एक हिस्से, बिएनाले आर्टे में भारतीय मंडप ने सात साल के अंतराल के बाद वापसी की है। वेनिस में आयोजित 61वीं अंतरराष्ट्रीय कला प्रदर्शनी (बिएनाले) में, शेखावत और अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में इस मंडप का उद्घाटन किया गया। यह बिएनाले 9 मई से 22 नवंबर तक चला जबकि 6 मई से 8 मई तक पूर्वावलोकन आयोजित किया गया।
शेखावत ने कहा, ‘‘यह बेहद गर्व का क्षण है! भारत ने वेनिस आर्ट बिएनाले - जिसे कला जगत का ओलंपिक माना जाता है - में बेस्ट नेशनल पैवेलियन के लिए विज़िटर्स लायन पुरस्कार जीता है। दुनिया भर के दर्शकों के मतों से तय होने वाला यह सम्मान, भारत के बढ़ते सांस्कृतिक प्रभाव की एक शानदार पहचान है।” उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में, भारत की सांस्कृतिक और कलात्मक विरासत को वैश्विक स्तर पर नयी पहचान मिल रही है, जबकि समकालीन भारतीय रचनात्मकता को विश्व मंच पर अपना उचित स्थान मिल रहा है।
शेखावत ने कहा कि संस्कृति मंत्रालय द्वारा नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर (एनएमएसीसी) और सेरेन्डिपिटी आर्ट्स के सहयोग से प्रस्तुत भारतीय राष्ट्रीय मंडप में पांच बेहतरीन कलाकारों - अलवर बालसुब्रमण्यम, रंजनी शेट्टार, सुमाक्षी सिंह, एस सोनम ताशी और असीम वक़ीफ़ - की कृतियों को प्रदर्शित किया गया। मंत्री ने कहा कि यह वैश्विक पहचान नयी पीढ़ी के भारतीय कलाकारों की प्रतिभा और हमारे समकालीन कला जगत की जीवंतता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि यह इस बात का जश्न है कि कैसे भारत की सदियों पुरानी कलात्मक परंपराएं समकालीन दौर में सशक्त रूप से अभिव्यक्त हो सकती हैं और दुनिया भर के दर्शकों से जुड़ सकती हैं।
यह सम्मान भारतीय कलाकारों की आने वाली पीढ़ियों को और अधिक आत्मविश्वास और रचनात्मकता के साथ दुनिया के सामने अपनी कला प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित करेगा।
अन्य न्यूज़














