Awami League से सुलह पर बांग्लादेश सरकार का रुख, जिम्मेदारी स्वीकारने की रखी शर्त

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

ढाका में प्रधानमंत्री के सूचना सलाहकार जाहिद उर रहमान ने कहा कि अवामी लीग के कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ सुलह की पहल करना गलत नहीं है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को पहले अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करनी होगी।

ढाका, छह अक्टूबर बांग्लादेश सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि प्रतिबंधित अवामी लीग के साथ ‘‘सुलह’’ करना ‘‘बुरी बात नहीं’’ है, लेकिन पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के नेतृत्व वाली पार्टी को ऐसी प्रक्रिया शुरू करने के लिए अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए आगे आना होगा। प्रधानमंत्री के सूचना सलाहकार जाहिद उर रहमान ने यहां संवाददाता सम्मेलन में यह बात कही। बांग्लादेश की राजनीति और अर्थव्यवस्था में व्याप्त असहज स्थिति के बीच, बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) नीत सरकार के किसी नेता की ओर से सुलह की दिशा में यह पहली टिप्पणी मानी जा रही है।

रहमान ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘अवामी लीग के सक्रिय कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ सुलह की पहल करना बुरी बात नहीं है। बल्कि, अगर ऐसी पहल की जाती है तो यह अच्छा होगा।’’ जाहिद ने कहा, ‘‘उन्हें (मध्यस्थों को) अवामी लीग से संपर्क करना चाहिए। सुलह की प्रक्रिया शुरू करने के लिए पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ बातचीत के जरिए बुनियादी आधार तैयार करना जरूरी है।

अगर यह सुनिश्चित हो जाता है तो इस मुद्दे पर चर्चा की जा सकती है।’’ हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि ‘‘मध्यस्थ’’ से उनका आशय किससे है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़