US-China Agricultural Trade | अमेरिकी किसानों के लिए बड़ी राहत! चीन $17 अरब के कृषि उत्पाद खरीदने पर सहमत, ट्रंप की बीजिंग यात्रा के बाद व्हाइट हाउस का एलान

China and US
ANI
रेनू तिवारी । May 18 2026 11:18AM

चीन ने अमेरिका के कृषि उत्पादों का व्यापार बढ़ाने पर सहमति जताई है। चीन 2026 के लिए वार्षिक आधार पर 17 अरब अमेरिकी डॉलर के स्तर पर खरीद करेगा और 2027 एवं 2028 में भी इसी स्तर को बनाए रखेगा।

अमेरिका और चीन के बीच लंबे समय से जारी व्यापारिक तनाव (Trade War) के बीच अमेरिकी कृषि क्षेत्र के लिए एक बेहद सकारात्मक खबर आई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की चीन यात्रा से लौटने के बाद, व्हाइट हाउस ने रविवार को आधिकारिक घोषणा की है कि चीन ने अमेरिकी कृषि उत्पादों का व्यापार बढ़ाने पर अपनी सहमति दे दी है। इस नए समझौते के तहत चीन साल 2026 में 17 अरब अमेरिकी डॉलर मूल्य के अमेरिकी कृषि उत्पादों की खरीद करेगा और आगामी वर्ष 2027 एवं 2028 में भी इसी स्तर को बरकरार रखेगा।

इसे भी पढ़ें: Stock Market Crash: घरेलू शेयर बाजारों में शुरुआती कारोबार में गिरावट, Sensex 833.20 अंक टूटा

व्हाइट हाउस के अनुसार चीन, अमेरिकी गोमांस के लिए बाजार पहुंच बहाल करेगा और उन अमेरिकी राज्यों से पशु उत्पादों (पोल्ट्री) से जुड़ा आयात फिर से शुरू करेगा जिन्हें अमेरिकी कृषि विभाग ने बर्ड फ्लू से मुक्त घोषित किया है।

ये समझौते पिछले वर्ष चीन द्वारा सोयाबीन खरीद प्रतिबद्धताओं के अतिरिक्त हैं। इन समझौतों से उन अमेरिकी किसानों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है जिन्हें व्यापार युद्ध के कारण सोयाबीन और अन्य उत्पादों के प्रमुख निर्यात बाजार में गिरावट का सामना करना पड़ा। चीन की ओर से हालांकि इनकी तत्काल पुष्टि नहीं हुई है। चीन के वाणिज्य मंत्रालय ने शनिवार को कहा था कि दोनों पक्ष कृषि वस्तुओं से जुड़े कुछ गैर-शुल्क बाधाओं और बाजार पहुंच के मुद्दों को ‘‘सुलझाने या उनके समाधान की दिशा में ठोस प्रगति’’ करेंगे। मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने कहा कि अमेरिका, चीन के दुग्ध उत्पादों, समुद्री खाद्य, बोन्साई पौधों के निर्यात और शानदोंग प्रांत को बर्ड फ्लू मुक्त क्षेत्र के रूप में मान्यता देने से जुड़ी चिंताओं को दूर करने के लिए ‘‘सक्रिय रूप से काम’’ करेगा।

इसे भी पढ़ें: Donald Trump ने सिर्फ़ 90 दिनों में किए 3,700 से ज़्यादा स्टॉक ट्रेड: हैरान है वॉल स्ट्रीट, हितों के टकराव पर उठे गंभीर सवाल

साथ ही चीन भी गोमांस प्रसंस्करण इकाइयों के पंजीकरण और कुछ राज्यों से मवेशी पालन निर्यात को लेकर अमेरिकी चिंताओं को दूर करने के लिए ‘‘सक्रिय रूप से काम’’ करेगा। दोनों पक्षों ने कुछ विशेष उत्पादों पर जवाबी शुल्क कटौती जैसे उपायों के जरिये कृषि उत्पादों सहित व्यापार बढ़ाने पर भी सहमति जताई। हालांकि किन उत्पादों पर यह लागू होगा, इसका विवरण नहीं दिया गया। चीन, खाद्य सुरक्षा और राष्ट्रीय सुरक्षा के बीच संबंध को ध्यान में रखते हुए, सोयाबीन, गोमांस और अन्य कृषि उत्पादों के आयात स्रोतों में विविधता ला रहा है।

इसके लिए वह अमेरिका के बजाय ब्राजील, अर्जेंटीना और अन्य देशों की ओर अधिक रुख कर रहा है। अमेरिकी कृषि विभाग के आंकड़ों के अनुसार, चीन द्वारा अमेरिकी कृषि उत्पादों का आयात 2022 में 38 अरब अमेरिकी डॉलर के साथ सर्वाधिक था, लेकिन 2025 में घटकर आठ अरब अमेरिकी डॉलर रह गया। इन आंकड़ों में 2022 में लगभग 18 अरब अमेरिकी डॉलर और 2025 में तीन अरब अमेरिकी डॉलर की सोयाबीन खरीद शामिल है।

Stay updated with International News in Hindi on Prabhasakshi 

All the updates here:

अन्य न्यूज़