पूर्व Google इंजीनियर से जुड़ी पांच फर्मों पर अमेरिकी पाबंदी का China ने किया विरोध

चीन के वाणिज्य मंत्रालय ने अमेरिका द्वारा उसकी पांच कंपनियों पर लगाए गए प्रतिबंधों को अनुचित बताते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया है। वाशिंगटन ने यह कार्रवाई गूगल से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े गोपनीय व्यापारिक रहस्य चुराने के दोषी पूर्व इंजीनियर लिनवेई डिंग से जुड़े मामलों में की है। बीजिंग ने इसे चीनी कंपनियों के अधिकारों पर हमला बताते हुए आवश्यक कदम उठाने की चेतावनी दी है।
चीन ने बौद्धिक संपदा की चोरी के आरोपी एवं गूगल के एक पूर्व इंजीनियर से जुड़ी पांच चीनी कंपनियों पर प्रतिबंध लगाने के अमेरिका के फैसले का कड़ा विरोध किया है। चीन के वाणिज्य मंत्रालय ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन के इस कदम से चीनी कंपनियों के वैध अधिकारों और हितों को गंभीर नुकसान पहुंचा है। मंत्रालय ने कहा, ‘‘यह बेहद निंदनीय कदम है।
चीन इसका कड़ा विरोध करता है।’’ मंत्रालय ने अमेरिका से अपना ‘‘गलत कदम सुधारने’’ का आग्रह करते हुए कहा कि चीन ‘‘आवश्यक कदम’’ उठाएगा। हालांकि, उसने यह स्पष्ट नहीं किया कि ये कदम क्या होंगे। चीन की यह प्रतिक्रिया अमेरिका के विदेश मंत्रालय द्वारा पांच चीनी कंपनियों पर प्रतिबंध लगाए जाने के एक दिन बाद आई है।
ये कंपनियां लिनवेई डिंग से जुड़ी हैं, जिन्होंने शंघाई झिसुआन टेक्नोलॉजी की स्थापना की थी। अमेरिकी विदेश मंत्रालय के अनुसार, डिंग ने गूगल में काम करने के अपने अनुभव का हवाला देते हुए दावा किया था कि उनकी कंपनी अमेरिकी प्रौद्योगिकी क्षेत्र की इस दिग्गज कंपनी की ‘सुपर इंटेलिजेंस’ संबंधी प्रौद्योगिकी जैसी तकनीक विकसित कर सकती है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, नए उद्यमों को शुरुआती दौर में सहायता देने वाले कार्यक्रम ‘मिरेकलप्लस’ ने झिसुआन में हिस्सेदारी के बदले उसे शुरुआती पूंजी उपलब्ध कराई थी।
झिसुआन के साथ मिरेकलप्लस पर भी प्रतिबंध लगाए गए हैं। प्रतिबंधों का सामना कर रही अन्य तीन चीनी कंपनियां मिरेकलप्लस से जुड़ी हैं। अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने कहा कि झिसुआन ने ‘‘अमेरिकी नागरिकों और संस्थाओं के व्यापारिक रहस्यों की बड़े पैमाने पर जानबूझकर चोरी की है या उससे लाभ उठाया है।
यह चोरी पांच जनवरी 2023 या उसके बाद हुई थी।’’ डिंग पर 2024 में गूगल से कृत्रिम मेधा (एआई) संबंधी व्यापारिक रहस्य चुराने का आरोप लगाया गया था। आरोप है कि उस समय वह गुप्त रूप से चीन स्थित दो कंपनियों के लिए भी काम कर रहे थे। इस साल जनवरी में सैन फ्रांसिस्को की एक संघीय जूरी ने डिंग को आर्थिक जासूसी और व्यापारिक रहस्यों की चोरी के कई मामलों में दोषी ठहराया था।
हालांकि, बाद में एक न्यायाधीश ने आर्थिक जासूसी के आरोपों को खारिज कर दिया और डिंग को 12 महीने की जेल की सजा सुनाई। अमेरिकी न्याय विभाग ने आर्थिक जासूसी के आरोप खारिज किए जाने के फैसले के खिलाफ अपील की है। चीन के वाणिज्य मंत्रालय ने कहा कि कृत्रिम मेधा के क्षेत्र में देश का विकास ‘‘बुनियादी अनुसंधान पर लंबे समय से दिए जा रहे ध्यान, नवोन्मेष में लगातार निवेश, स्वतंत्र वैज्ञानिक एवं तकनीकी नवाचार तथा खुले सहयोग की नीति पर कायम रहने का परिणाम है।’’ मंत्रालय ने कहा कि चीन की उपलब्धियों का ‘‘व्यापारिक रहस्यों की तथाकथित चोरी से कोई लेना-देना नहीं है।’’
अन्य न्यूज़













