APEC Summit: चीन में मिले Donald Trump और Vladimir Putin, 40 मिनट तक चली बातचीत

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

चीन के शेनझेन में एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपेक) शिखर सम्मेलन के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच 40 मिनट की द्विपक्षीय बैठक हुई। यह मुलाकात चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग के साथ प्रस्तावित त्रिपक्षीय चर्चा से ठीक पहले आयोजित की गई। ट्रंप ने इसे शानदार नतीजों की शुरुआत बताते हुए पुतिन के साथ अपने पुराने संबंधों की सराहना की।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन ने बृहस्पतिवार को द्विपक्षीय बातचीत की। यह बातचीत चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग के साथ होने वाली त्रिपक्षीय वार्ता से पहले हुई। पिछले साल अलास्का में हुई बातचीत के बाद यह पहली बार है जब ट्रंप और पुतिन आमने-सामने मिले।

उस बैठक में यूक्रेन में रूस के युद्ध को समाप्त करने की दिशा में कोई समझौता नहीं हो पाया था। एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपेक) शिखर सम्मेलन से इतर पुतिन के साथ अकेले में बातचीत के लिए पहुंचने के बाद ट्रंप ने कहा, ‘‘इससे कुछ शानदार नतीजे निकल सकते हैं या कम से कम उनकी शुरुआत हो सकती है।’’ उन्होंने पुतिन को ‘‘अपना दोस्त’’ भी बताया। पुतिन से हाथ मिलाने के बाद ट्रंप ने कहा, ‘‘कई वर्षों से हमारे बीच बहुत अच्छे संबंध रहे हैं।’’ दोनों नेताओं के बीच यह मुलाकात करीब 40 मिनट तक चली।

ट्रंप अक्सर पुतिन के साथ अपने अच्छे व्यक्तिगत संबंधों का जिक्र करते रहे हैं, वहीं हाल के दिनों में अमेरिका और यूक्रेन के बीच संबंधों में काफी गिरावट आई है। ट्रंप ने रूस पर नए प्रतिबंध लगाने से परहेज किया है, जबकि युद्ध के दौरान यूक्रेन के ड्रोन को मिलने वाली उपग्रह सेवाओं में रुकावटों ने उसकी सैन्य कार्रवाई को प्रभावित किया है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़