Dhaka में सत्ता बदलते ही भारत की बड़ी पहल, नए Foreign Minister से मिले उच्चायुक्त Pranay Verma

India Bangladesh
प्रतिरूप फोटो
AI Generated

बांग्लादेश में नई सरकार के गठन के बाद, भारतीय उच्चायुक्त प्रणय वर्मा ने विदेश मंत्री खलीलुर रहमान से मिलकर द्विपक्षीय संबंधों को फिर से मजबूत करने पर जोर दिया है, जिसे तारिक रहमान की बीएनपी सरकार के साथ सकारात्मक संवाद स्थापित करने की एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

ढाका में नियुक्त उच्चायुक्त प्रणय वर्मा ने रविवार को कहा कि बांग्लादेश की नयी सरकार के साथ संवाद को आगे बढ़ाने के लिए भारत उत्सुक है। उन्होंने नयी दिल्ली की ओर से ढाका के साथ फिर से सक्रिय रूप से बातचीत की इच्छा व्यक्त की। तारिक रहमान के 17 फरवरी को प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के कुछ दिनों बाद बांग्लादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान से मुलाकात के बाद उच्चायुक्त वर्मा पत्रकारों से बात कर रहे थे।

वर्मा ने मुलाकात के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘विदेश मंत्री के साथ आज की बैठक में मैंने अपना रुख दोहराया कि हम बांग्लादेश में नयी सरकार के साथ संवाद के लिए उत्सुक हैं। बैठक में विदेश राज्य मंत्री शमा ओबैद भी शामिल थीं। उच्चायुक्त के अनुसार, उन्होंने बताया कि ‘‘हम परस्पर हित और पारस्परिक लाभ के आधार पर सकारात्मक, रचनात्मक और भविष्योन्मुखी सोच के साथ मिलकर काम करते हुए हर क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करना चाहते हैं।’’

इसे भी पढ़ें: Bangladesh Army में बड़ा फेरबदल, खुफिया एजेंसी से लेकर CGS तक बदले गए टॉप अधिकारी

वर्मा ने इस मुलाकात को एक “शिष्टाचार भेंट” और “प्रारंभिक विचार-विमर्श” बताया। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में नयी सरकार के कार्यभार संभालने के बाद विदेश मंत्री और राज्य मंत्री के साथ यह उनकी पहली बैठक थी। बारह फरवरी को हुए चुनावों में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) को दो-तिहाई बहुमत मिलने के बाद तारिक रहमान (60) ने 17 फरवरी को प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। इसके साथ ही मोहम्मद यूनुस के अंतरिम शासन का अंत हो गया। यूनुस के कार्यकाल के दौरान भारत के साथ संबंधों में गिरावट आई थी और 1971 के बाद यह अपने सबसे निचले स्तर पर पहुंच गए थे।

इसे भी पढ़ें: बांग्लादेश की नई सरकार में हिंदू मंत्रियों की आमद

उच्चायुक्त ने चुनाव में 13 फरवरी को बीएनपी की जीत के तुरंत बाद तारिक रहमान को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बधाई संदेश की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘‘आप बांग्लादेश के साथ हमारे हालिया उच्च स्तरीय संवाद से अवगत हैं।’’ वर्मा ने रविवार को कहा, ‘‘उन्होंने उस दिन बाद में फोन पर भी बातचीत की।’’ उन्होंने यह भी याद दिलाया कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए नयी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के लिए ढाका का दौरा किया और बांग्लादेश के नए प्रधानमंत्री के साथ द्विपक्षीय बैठक भी की।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़