इंडोनेशिया: उपराष्ट्रपति Gibran Rakabuming Raka के खिलाफ महाभियोग प्रक्रिया शुरू

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

इंडोनेशिया की संसद के 120 सदस्यों ने उपराष्ट्रपति गिब्रान राकाबुमिंग राका की शैक्षणिक योग्यता पर सवाल उठाते हुए उन्हें पद से हटाने की कवायद शुरू कर दी है। शीर्ष अदालतों के फैसलों में विदेशी शिक्षा दस्तावेजों के अमान्य पाए जाने के बाद पीडीआई-पी पार्टी ने महाभियोग प्रस्ताव का समर्थन किया है। राका पहले ही राष्ट्रपति को अपना इस्तीफा सौंप चुके हैं, जिस पर अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है।

इंडोनेशिया के कुल 120 सांसदों ने उपराष्ट्रपति गिब्रान राकाबुमिंग राका के पद पर बने रहने की पात्रता को चुनौती देने की प्रक्रिया बुधवार को शुरू की जिससे उनके खिलाफ महाभियोग चलाने का मार्ग प्रशस्त हो सकता है। हाल के अदालती फैसलों के बाद उनकी शैक्षणिक योग्यता पर सवाल उठे हैं। पूर्व राष्ट्रपति जोको विडोडो के बेटे राका (39) ने मंगलवार को राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के साथ बैठक के दौरान अपना इस्तीफा सौंप दिया।

राका ने कहा कि वह राजनीतिक विवाद से बचना चाहते हैं। प्रतिनिधि सभा के सांसद इस विवाद को लेकर प्रस्ताव पर आगे बढ़ रहे हैं, लेकिन फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि प्रबोवो ने इस्तीफा स्वीकार किया है या नहीं। इंडोनेशियन डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ स्ट्रगल (पीडीआई-पी) ने बुधवार को इस पहल को आगे बढ़ाते हुए कहा कि उसके सभी 110 सांसदों ने संसद के संवैधानिक ‘राय व्यक्त करने के अधिकार’ का इस्तेमाल करने पर सहमति जताई है।

यह एक ऐसी प्रक्रिया है, जिसके तहत महाभियोग की कार्यवाही शुरू हो सकती है। इस प्रस्ताव को पेश करने के लिए संसद के कम से कम 25 सदस्यों का समर्थन जरूरी है। राका की शैक्षणिक योग्यता को लेकर विवाद पिछले महीने उस समय और गहरा गया, जब संवैधानिक अदालत और उच्चतम न्यायालय ने फैसला सुनाया कि विदेशी शिक्षा से संबंधित उनके द्वारा जमा किए गए दस्तावेज चुनावी आवश्यकताओं को पूरा नहीं करते।

यदि अदालत आरोप की पुष्टि कर देती है, तो प्रतिनिधि सभा उपराष्ट्रपति के खिलाफ महाभियोग का प्रस्ताव अंतिम फैसले के लिए देश की सर्वोच्च विधायी संस्था पीपुल्स कंसल्टेटिव असेंबली को भेज सकती है। पीडीआई-पी की वरिष्ठ नेता पुआन महारानी की अध्यक्षता वाली प्रतिनिधि सभा ने राका की शैक्षणिक योग्यता से जुड़े जांच प्रस्ताव को औपचारिक रूप से आगे बढ़ाने और उस पर चर्चा के लिए बृहस्पतिवार को पूर्ण सत्र आहूत किया है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़