गलत जानकारी देकर Indian Passport हासिल करने वाली Sri Lankan महिला पर ठाणे में केस दर्ज

गलत जानकारी देकर Indian Passport हासिल करने वाली Sri Lankan महिला पर ठाणे में केस दर्ज
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

महाराष्ट्र के ठाणे में मुंब्रा पुलिस ने अपनी श्रीलंकाई नागरिकता छिपाकर भारतीय पासपोर्ट बनवाने के आरोप में एक महिला पर प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपी महिला रुक्सन अब्दुल लतीफ पालोबा ने पनवेल के बारापाड़ा को अपना जन्मस्थान बताकर मुंबई कार्यालय से पासपोर्ट प्राप्त किया था। पुलिस अब फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले संदिग्ध गिरोह की तलाश कर रही है।

महाराष्ट्र के ठाणे जिले की मुंब्रा पुलिस ने अपने जन्मस्थान के बारे में गलत जानकारी देकर भारतीय पासपोर्ट हासिल करने के आरोप में एक श्रीलंकाई महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी महिला रुक्सन अब्दुल लतीफ पालोबा ने कथित तौर पर इस बात को छिपाया कि उसका जन्म श्रीलंका में हुआ था और उसके पास वहां की नागरिकता है।

उसने यह जानकारी छिपाकर मुंबई पासपोर्ट कार्यालय में भारतीय पासपोर्ट के लिए आवेदन किया था। उन्होंने बताया कि महिला ने अपने आवेदन में महाराष्ट्र के रायगढ़ जिला स्थित पनवेल के बारापाड़ा को अपना जन्मस्थान बताया और भारतीय पासपोर्ट हासिल कर लिया। अधिकारी के अनुसार, सोमवार को मुंब्रा पुलिस थाने में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं और पासपोर्ट अधिनियम, 1967 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

स्थानीय पुलिस फर्जी पासपोर्ट तैयार करने वाले संदिग्ध गिरोह को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। हालांकि, इस सिलसिले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़